KhabarFast

Bihar News: बिहार के बेतिया-गोपालगंज महासेतु में बड़ी दरार, 9 इंच गैप से मचा हड़कंप, भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

Parth Jha | 23 May, 2026

Bihar News: बिहार के गोपालगंज को बेतिया से जोड़ने वाले अति महत्वपूर्ण जादोपुर-मंगलपुर महासेतु के स्पैन में गैप आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि महासेतु का पाया संख्या-5 धंस गया है, जिसके कारण पुल के एक हिस्से में दरारनुमा गैप दिखाई देने लगा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यह महासेतु गोपालगंज और पश्चिम चंपारण जिले के लोगों के लिए लाइफलाइन माना जाता है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस पुल से होकर गुजरते हैं। ऐसे में पुल के स्पैन में आई खराबी ने यात्रियों के साथ-साथ प्रशासन की भी चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार जादोपुर से मंगलपुर तक बने इस महासेतु का निर्माण करीब 549 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 17 मार्च 2016 को इसका उद्घाटन किया था। लगभग साढ़े 1600 मीटर लंबे इस महासेतु के निर्माण से गोपालगंज और बेतिया के बीच की दूरी करीब 100 किलोमीटर कम हो गई थी, जिससे आवागमन आसान होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला।

महासेतु में गैप आने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर डीएम पवन कुमार सिन्हा, एसडीएम अनिल कुमार, जल संसाधन विभाग के अधिकारियों समेत कई पदाधिकारी पहुंचे और पुल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने महासेतु की स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

Also read: Bihar News: छह बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, बिजली तार की चपेट में आने से किसान की मौत

गोपालगंज डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि मेगाब्रिज के स्पैन में गैप आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी रिपोर्ट पटना स्थित विशेषज्ञ संस्थानों एनआईटी और आईआईटी की टीम को भेजी गई है। जल्द ही विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर पुल का तकनीकी निरीक्षण करेगी और सुरक्षा को लेकर आवश्यक सुझाव देगी।

बड़े और भारी वाहनों के परिजालन पर रोक

डीएम ने कहा कि एहतियात के तौर पर फिलहाल बड़े और भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है, ताकि पुल पर अतिरिक्त दबाव न पड़े और मरम्मत कार्य सुचारु रूप से कराया जा सके। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने का आदेश जारी।