Patna Crime: बिहार के पटना जिला के अथमलगोला थाना क्षेत्र के मेऊरा गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मृतका की पहचान मीरा देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह सुबह अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने अचानक उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही मीरा देवी जमीन पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
ग्रामीणों के अनुसार, यह हत्या किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है। प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद को ही इस जघन्य हत्या की मुख्य वजह बताया जा रहा है। खास बात यह है कि मृतका के परिवार पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है, जिसमें एक सदस्य को गोली मारकर घायल किया गया था।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का आरोप मृतका के ही अपने जेठ श्लोक यादव और उनके पुत्र भूषण यादव पर लगाया जा रहा है। घटना का कारण प्रथम दृष्टया जमीनी विवाद बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। साथ ही, पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।
इलाके में तनाव का माहौल
ASP बाढ़-2, आयुष श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सुबह-सुबह हुई इस वारदात से पूरे मेऊरा गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। ग्रामीण और परिजन पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।