Haryana News: हरियाणा के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य के बल्लभगढ़ और पलवल क्षेत्र के करीब 25 गांवों को एक बड़ी सड़क विकास परियोजना का तोहफा मिला है। सरकार ने साहूपुरा से फतेहपुर बिल्लौच तक मॉडल रोड बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इस प्रोजेक्ट को लोक निर्माण विभाग (PWD) तैयार कर रहा है। इस योजना पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और यातायात को सुरक्षित बनाना है।
दुर्घटनाओं का रहता है खतरा
अधिकारियों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों की ज्यादातर सड़कों की चौड़ाई लगभग 5 मीटर होती है। इन सड़कों पर केवल गांव के नाम के साधारण बोर्ड लगे होते हैं, जबकि सुरक्षा के लिए जरूरी संकेतक और साइन बोर्ड नहीं होते। इसी वजह से यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। साहूपुरा से फतेहपुर बिल्लौच तक की सड़क भी फिलहाल काफी संकरी है और यही कारण है कि इसे मॉडल रोड में बदला जाएगा। सड़क को चौड़ा करने के साथ-साथ इस पर आधुनिक साइन बोर्ड, सुरक्षा संकेत और बेहतर डिजाइन भी तैयार किया जाएगा।
कई क्षेत्रों में कनेक्टिविटी होगी मजबूत
ये मार्ग अब और भी महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि इसके आसपास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बन रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे जैसी बड़ी परियोजनाएं भी जुड़ रही हैं। इससे इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी और ज्यादा मजबूत हो जाएगी। नई मॉडल रोड बनने के बाद ग्रामीणों को दिन और रात दोनों समय सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे न केवल यातायात आसान होगा, बल्कि स्थानीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
कई गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
इस परियोजना से बल्लभगढ़ और पलवल क्षेत्र के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इनमें साहूपुरा, मलेरना, सुनपेड़, सागरपुर, डीग, पियाला, शाहपुर कलां, फतेहपुर बिल्लौच, लढौली, पन्हैड़ा कलां, जवां, अटेरना, मोहना, असावटी, ततारपुर, देवली, मांदकौल, जनौली, अलावलपुर, ककड़ीपुर, नाई नंगला, सदरपुर, गोपीखेड़ा, जल्हाका, घाघौट और कटेसरा जैसे गांव शामिल हैं। सरकार का मानना है कि यह मॉडल रोड ग्रामीण विकास और सड़क सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे क्षेत्र में दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।