Bengal Election:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार यानी 26 अप्रैल हुगली के आरामबाग में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। साथ ही उन्होंने वोटर्स से अपील करते हुए कहा कि 29 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में पहले फेज के रिकॉर्ड को तोड़ देना है। बता दें कि पहले फेज में करीब 92 फीसदी वोटिंग हुई थी। पीएम मोदी ने अब इस रिकॉर्ड को भी तोड़ देने की अपील की है।
आरामबाग में पीएम मोदी ने ममता सरकार के खिलाफ हुंकार भरते हुए कहा कि कुछ समय पहले मैं सिंगूर आया था, उसी समय मैंने टीएमसी की निर्मम सरकार के प्रति जनता का गुस्सा साफ-साफ देखा था। उन्होंने कहा कि मै देख रहा हूं, वो गुस्सा अपने चरम पर पहुंच चुका है, और इस गुस्से में बंगाल का एक उद्देश्य टीएमसी सरकार को सत्ता से हटाना है।
पीएम मोदी का टीएमसी पर निशाना
पीएम मोदी ने कहा कि 15 साल तक टीएमसी ने पश्चिम बंगाल के लोगों को लूटा, लेकिन ये लोग एक चीज भूल गए, जब अत्याचार की हद पार हो जाती है, तो जनता मां दुर्गा का रूप धर कर अन्याय का विसर्जन कर देती है। आज बंगाल के हर बूथ पर उमड़ता जनसैलाब कह रहा है, भय आउट और भरोसा इन। पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी की निर्मम सरकार, नबन्ना सचिवालय से नहीं चलती है। इस सरकार को या तो गुंडे और मस्तान चलाते हैं या फिर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकार हरकत में आती है।
टीएमसी जनता का भरोसा खो चुकी- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी सरकार ने यहां अपने कुकर्मों से बंगाल की बंगाल की जनता का भरोसा खो चुकी है। इसलिए लोग आए दिन कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाते हैं। शिक्षक भर्ती घोटाला, टीएमसी के मंत्रियों ने भर्ती लूट ली, हजारों युवाओं को तबाह कर दिया। संवेदनशील सरकार होती तो ईमानदारी से जांच करती, लेकिन कोर्ट को इस मामले में जांच के आदेश जारी करना पड़ा। यानी टीएमसी सरकार की विश्वसनीयता खत्म है।