KhabarFast

IPL 2026: ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट की बढ़ी मुश्किलें, पाकिस्तान दौरे के दौरान कई खिलाड़ी हो सकते हैं बाहर

Shivani Jha | 07 May, 2026

Australia tour of Pakistan 2026: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 7 मई को पाकिस्तान और बांग्लादेश दौरे के लिए अपनी व्हाइट-बॉल सीरीज का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। लेकिन इस शेड्यूल ने आईपीएल 2026 की फ्रेंचाइजियों और ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वजह है आईपीएल प्लेऑफ और पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज की तारीखों का टकराव। ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। पहला मुकाबला 30 मई को रावलपिंडी में होगा, जबकि आईपीएल 2026 का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

लाहौर में होंगे ये मैच

इसके बाद दूसरा और तीसरा वनडे 2 और 4 जून को लाहौर में होंगे। ऐसे में जो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीमों का हिस्सा होंगे, उनके शुरुआती वनडे मैचों में खेलने पर संशय बना हुआ है। बीसीसीआई ने पहले ही आईपीएल प्लेऑफ का शेड्यूल जारी कर दिया है। क्वालिफायर-1, 26 मई को धर्मशाला में खेला जाएगा। 27 मई को एलिमिनेटर न्यू चंडीगढ़ में होगा। इसके बाद 29 मई को क्वालिफायर-2 और 31 मई को फाइनल खेला जाएगा।

कुछ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हो सकते हैं बाहर

नियमों के अनुसार, आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी की अनुमति के बिना बीच टूर्नामेंट से नहीं बुलाया जा सकता। यही वजह है कि ऑस्ट्रेलिया को पाकिस्तान दौरे पर कुछ खिलाड़ियों के बिना उतरना पड़ सकता है। लखनऊ सुपर जायंट्स के मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस के पाकिस्तान सीरीज में खेलने की संभावना ज्यादा मानी जा रही है, क्योंकि उनकी टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर है। वहीं पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और ट्रेविस हेड जैसे खिलाड़ियों को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया जा सकता है।

ऑस्ट्रेलियाई टीम में दिख रहे बड़े बदलाव

इस समय आईपीएल में कई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी अलग-अलग टीमों के लिए खेल रहे हैं। इनमें मिचेल स्टार्क, टिम डेविड, मार्कस स्टोइनिस, कैमरन ग्रीन और ट्रेविस हेड जैसे बड़े नाम शामिल हैं। पाकिस्तान दौरे के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम बांग्लादेश जाएगी, जहां जून में तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। माना जा रहा है कि टी20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम में बड़े बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं।

Also read: भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय खेलों पर बैन जारी, मल्टी-नेशनल टूर्नामेंट में छूट