KhabarFast

चौथे अंपायर से बहस करना पोलार्ड को पड़ा भारी, IPL ने लगाया जुर्माना

Shivani Jha | 15 May, 2026

IPL 2026: आईपीएल में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच Kieron Pollard एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान चौथे अंपायर के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना उन्हें महंगा पड़ गया। आईपीएल ने इस मामले में सख्ती दिखाते हुए पोलार्ड पर उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। यह घटना गुरुवार को मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मैच की है। मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को छह विकेट से हरा दिया। हालांकि मैच खत्म होने के बाद पोलार्ड का व्यवहार चर्चा का विषय बन गया।

पोलार्ड पर लगे आरोप

आईपीएल की ओर से शुक्रवार सुबह जारी बयान में बताया गया कि पोलार्ड ने खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए लागू आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उन्हें लेवल-1 अपराध का दोषी पाया गया। लीग के अनुसार उन्होंने आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन किया, जो मैच के दौरान अपशब्द या अभद्र भाषा के इस्तेमाल से जुड़ा है।

पोलार्ड की हुई थी बहस

जानकारी के मुताबिक यह मामला दूसरी पारी के 19वें ओवर के दौरान हुआ। इसी दौरान चौथे अंपायर और पोलार्ड के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। गुस्से में पोलार्ड ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया जिसे नियमों के खिलाफ माना गया। इसके बाद मैच रेफरी ने मामले की जांच की और कार्रवाई की गई।

पोलार्ड ने की गलती स्वीकार

हालांकि राहत की बात यह रही कि पोलार्ड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। उन्होंने मैच रेफरी पंकज धरमानी द्वारा दी गई सजा को भी मान लिया। इसलिए मामले को ज्यादा आगे नहीं बढ़ाया गया। गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब पोलार्ड आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर चर्चा में आए हों। इससे पहले भी मैदान पर उनके आक्रामक रवैये को लेकर कई बार सवाल उठ चुके हैं। पोलार्ड अपनी बेहतरीन क्रिकेट समझ और आक्रामक अंदाज के लिए जाने जाते हैं, लेकिन कई बार उनका गुस्सा उन पर भारी पड़ जाता है।

Also read: श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया टीम का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका; जानें किसे मिली कप्तानी