KhabarFast

America-Iran War: खत्म होने की कगार पर अमेरिका-ईरान युद्ध? ट्रंप के सामने पेजेशकियन ने रखी 3 शर्तें

Parth Jha | 12 Mar, 2026

Iran's Condition For Ceasefire: अमेरिका-इजरायल और ईरान में 13वें दिन भी युद्ध जारी है। एक तरफ अमेरिका ने साफ कह दिया है ईरान के पास सरेंडर करने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं है। दूसरी तरफ ईरान के राष्ट्रपति ने जंग खत्म करने के लिए 3 अहम शर्तें रख दी है।

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सोशल मीडिया पर कहा कि रूस और पाकिस्तान के नेताओं से बात करते हुए शांति के लिए ईरान की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि युद्ध को खत्म करने का एक मात्र तरीका ईरान के वैध अधिकारों, मुआवजे का भुगतान और भविष्य की आक्रमकता के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय गारंटी को मान्यता देना है। 

ट्रंप ने किया बड़ा दावा

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर बड़ा दावा ठोक दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान के सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले हुए हैं और अब कुछ नहीं बचा है। उनकी वायुसेना और एंटी-डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया गया है। अब जब भी वो चाहेंगे जंग खत्म हो जाएगी। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान ने दुनिया को 47 साल का नुकसान पहुंचाया और अब वो इसकी कीमत चुका रहा है। हालांकि, ट्रंप ने ये साफ नहीं किया कि युद्ध खत्म करने के लिए किस तरह की रणनीति अपनाई जाएगी।

इजरायल का हमला जारी                 

दूसरी तरफ इजरायल का ईरान और हिजबुल्लाह पर हमला जारी है। इजरायल ने लेबनान के बेरूत पर हमला किया। आईडीएफ के हवाई हमलों में बेरूत के दक्षिणी शहर में बुर्ज अल-बरजनेह को तबाह कर दिया है। इजरायल के हमले के बाद बेरूत के रिहायशी इलाकों के कई घर आग की जद में आ गए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 2 मार्च से जारी इजरायली हमले में अब तक 86 बच्चे, 47 महिलाएं सहित 600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 1444 लोग घायल हुए हैं।