KhabarFast

एयर इंडिया ने बढ़ाया ईंधन सरचार्ज, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स पर असर

Shivani Jha | 07 Apr, 2026

Air India Fuel Surcharge: ईरान युद्ध के चलते वैश्विक जेट ईंधन की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के बाद एयर इंडिया समूह ने अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर ईंधन सरचार्ज में संशोधन किया है। एयरलाइन ने बताया कि ज्यादातर मार्गों पर यह बदलाव बुधवार, 8 अप्रैल 2026 से लागू होंगे। वहीं यूरोप, उत्तर अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के लिए संशोधित सरचार्ज 10 अप्रैल 2026 से लागू होगा।

क्यों लिया गया ये फैसला?

एयरलाइन का कहना है कि यह कदम पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की सलाह और संतुलित दृष्टिकोण के बाद उठाया गया है। सरकार ने घरेलू एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत में 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी को सीमित किया है। घरेलू उड़ानों के लिए एयर इंडिया ने फ्लैट सरचार्ज की जगह दूरी-आधारित ग्रिड लागू किया है। एयरलाइन का कहना है कि यह संरचना सरकार के ATF कीमत बढ़ोतरी को सीमित करने के निर्णय को दर्शाती है, साथ ही लंबी दूरी की उड़ानों, जो अधिक ईंधन खर्च करती हैं, पर उचित सरचार्ज लगाया जाएगा। यह नया ग्रिड एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों पर भी लागू होगा।

अंतरराष्ट्रीय मार्गों के लिए सरचार्ज में बढ़ोतरी

अंतरराष्ट्रीय मार्गों के लिए सरचार्ज में अधिक बढ़ोतरी की गई है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय ATF की कीमतों पर कोई सीमा नहीं है। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि यह सरचार्ज जेट ईंधन की बढ़ती कीमतों को पूरी तरह से कवर नहीं करता और कंपनी अभी भी इसका कुछ हिस्सा खुद वहन कर रही है। इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के डेटा के अनुसार, वैश्विक जेट ईंधन की औसत कीमत 27 मार्च तक के सप्ताह में $195.19 प्रति बैरल तक पहुंच गई। फरवरी के अंत में यह $99.40 प्रति बैरल थी। इसका मतलब है कि केवल एक महीने में कीमत लगभग दोगुनी हो गई। इसी दौरान, रिफाइनरी मार्जिन (क्रैक स्प्रेड) $27.83 से $81.44 प्रति बैरल तक बढ़ गया, जिससे एयरलाइंस पर ईंधन लागत का बड़ा दबाव बढ़ गया है।

एयर इंडिया ने कहा कि जो टिकट इन तारीख़ों और समय से पहले जारी किए गए हैं, उन पर नया सरचार्ज लागू नहीं होगा। नया दर केवल तब लागू होगा जब यात्री तारीख या मार्ग बदलेंगे और किराया फिर से गणना किया जाएगा। एयरलाइन यह भी बताती है कि ईंधन की कीमतों के आधार पर सरचार्ज की समीक्षा समय-समय पर की जाएगी।

Also read: आंध्र प्रदेश में नया अध्याय, 12 साल बाद अमरावती को मिली आधिकारिक राजधानी का दर्जा; CM नायडू का ऐलान