KhabarFast

नासिक धर्मांतरण मामले में कार्रवाई तेज, आरोपी निदा खान के ठिकाने पर चला बुलडोजर नोटिस

Shivani Jha | 10 May, 2026

Nida Khan Case: महाराष्ट्र के नासिक धर्मांतरण मामले में अब पुलिस जांच के साथ प्रशासनिक कार्रवाई भी तेज हो गई है। मुख्य आरोपी निदा खान की गिरफ्तारी के बाद उस मकान पर नोटिस चस्पा किया गया है, जहां वह छिपकर रह रही थी। छत्रपति संभाजीनगर नगर निगम ने मकान को अवैध निर्माण बताते हुए तीन दिन के भीतर तोड़ने का नोटिस जारी किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई है। जांच के दौरान इस मामले में पार्षद मतीन पटेल का नाम भी सामने आया। शुरुआत में बताया गया था कि नाहरेगांव इलाके में स्थित मकान मतीन पटेल का है, लेकिन बाद में जांच में खुलासा हुआ कि मकान के असली मालिक हनीफ खान और सैयद सरवर हैं। दोनों ने यह मकान करीब 23 लाख रुपये में खरीदा था।

मकान मालिक थे अनजान 

मकान मालिकों का कहना है कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि वहां रहने वाली महिला नासिक धर्मांतरण केस की आरोपी निदा खान है। उनके मुताबिक मतीन पटेल ने कहा था कि कुछ मेहमान कुछ दिनों के लिए ठहरेंगे, इसलिए मकान किराए पर दिलवाया गया था। लेकिन पुलिस जांच में जब यह सामने आया कि फरार निदा खान को यहीं पनाह दी गई थी, तो मामला गंभीर हो गया। 

नगर निगम ने किया नोटिस जारी 

नगर निगम ने अब इस मकान के साथ-साथ मतीन पटेल के ऑफिस को भी अवैध निर्माण बताते हुए नोटिस जारी किया है। इसके बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने मतीन पटेल को भी इस मामले में सह-आरोपी बनाया है।

पुलिस के अनुसार यह मामला कथित धर्मांतरण और धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि मुख्य आरोपी दानिश ने अपनी पहचान छिपाकर एक युवती से दोस्ती की और बाद में उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। पीड़िता के वकील के मुताबिक निदा खान ने युवती का ब्रेनवॉश किया और उसे धार्मिक रीति-रिवाज अपनाने के लिए कहा।

जांच में यह भी सामने आया कि पीड़िता का नाम बदलकर ‘हानिया’ रखा गया था और उसके नए दस्तावेज तैयार कराने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस को शक है कि युवती को विदेश भेजने की साजिश भी रची जा रही थी। फिलहाल कोर्ट ने निदा खान को 11 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। 

Also read: Bihar News: गर्भ में पल रहे 3 माह के बच्चे संग महिला ने दुनिया को कहा अलविदा, एनिवर्सरी के दिन उठी अर्थी