KhabarFast

सेंसेक्स 97 अंक चढ़कर बंद, निफ्टी 25 अंक उछला

Parth Jha | 17 Feb, 2014

अंतरिम बजट के दिन बाजार का अंत बढ़त के साथ हुआ है। अंतरिम बजट में ऑटो और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए आए अच्छे संकेतों के चलते बाजार को सहारा मिला है। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव देखने को मिला है। आज बैंक, पावर, ऑटो और फार्मा शेयरों में अच्छी खरीदारी का रुझान रहा। हालांकि रियल्टी, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, मेटल और ऑयल एंड गैस शेयरों में बिकवाली हावी रही।

बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 97 अंक यानि 0.5 फीसदी की मजबूती के साथ 20,464 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 25 अंक यानि 0.4 फीसदी चढ़कर 6,073 के स्तर पर बंद हुआ है।

आज के कारोबारी सत्र में दिग्गज शेयरों की चाल पर नजर डालें तो टाटा पावर, एमएंडएम, डॉ रेड्डीज, आईसीआईसीआई बैंक और हीरो मोटो सबसे ज्यादा 4.9-1.8 फीसदी तक चढ़कर बंद हुए हैं। हालांकि एनएमडीसी, कोल इंडिया, डीएलएफ, हिंडाल्को, रिलायंस इंडस्ट्रीज, विप्रो और बीएचईएल जैसे दिग्गज शेयर 5-0.5 फीसदी टूटकर बंद हुए हैं।

मिडकैप शेयरों में एबीजी शिपयार्ड, सनोफी इंडिया, पुंज लॉयड, एस्सार पोर्ट और रैमको सीमेंट सबसे ज्यादा 4.6-4 फीसदी तक गिरकर बंद हुए हैं। हालांकि मिडकैप शेयरों में नैटको फार्मा, टाटा इंवेस्टमेंट, मन्नापुरम फाइनेंस, इंफो एज और थर्मैक्स सबसे ज्यादा 5.4-3.8 फीसदी तक चढ़कर बंद हुए हैं। वहीं स्मॉलकैप शेयरों में ऑप्टो सर्किट्स, वीसीयू डाटा मैनेजमेंट, एजीसी नेटवर्क्स, डायमंड पावर और स्टील स्ट्रिप्स सबसे ज्यादा 13.7-6.7 फीसदी तक टूटकर बंद हुए हैं।