Delhi Building Collapse: दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। महरौली के सैदुलजाब इलाके में स्थित तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। मृतकों में दो मेडिकल छात्र शामिल हैं। अन्य दो मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इमारत गिरने से भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया। बचाव कार्य के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दमकल विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं।
पुलिस के अनुसार अब तक नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। एनडीआरएफ कमांडेंट सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दो टीमें मौके पर काम कर रही हैं, लेकिन अभी तक किसी अन्य जीवित व्यक्ति का पता नहीं चल पाया है।
हादसे में दो मेडिकल छात्रों की मौत
फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स (एफएमजी) के अध्यक्ष डॉ. जसवंत ने बताया कि हादसे में दो मेडिकल छात्रों की मौत हुई है। ये छात्र मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं और पीजी की तैयारी कर रहे थे। कुछ अन्य छात्रों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से दो को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। जानकारी के अनुसार इमारत में एक कोचिंग संस्थान, कैफे और कुछ कार्यालय संचालित हो रहे थे। तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य भी चल रहा था। इमारत के गिरने से बगल में बनी टिन शेड वाली कैंटीन भी उसकी चपेट में आ गई। उस समय कैंटीन में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया घटनास्थल का दौरा
घटना में घायल छात्रा नीलम के पिता बलवंत यादव ने बताया कि उनकी बेटी कैंटीन में बैठी थी, तभी इमारत भरभराकर गिर गई। नीलम का पैर टूट गया है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि राजधानी में मौजूद सभी अवैध और असुरक्षित इमारतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी। पुलिस ने बिल्डिंग मालिक कर्मवीर जेलदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।
दिल्ली: बिल्डिंग गिरने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "जितनी भी ऐसी अनअथोराइज बिल्डिंग है, उन सब के खिलाफ कार्रवाई होगी और सारे अफसरों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।" pic.twitter.com/GAArPizsEC
— IANS Hindi (@IANSKhabar) May 31, 2026