न्यूयॉर्क। स्मार्टफोन पर मल्टीमीडिया संदेश भेजने की बेहद लोकप्रिय व्हाट्सएप ने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक से मिले 19 अरब डॉलर की खरीद पेशकश को कबूल करने के लिए गूगल की 19 अरब डॉलर से ज्यादा कि पेशकश ठुकरा दी।
फेसबुक ने अबतक के सबसे बड़े सौदे के तहत व्हाट्सएप को करीब 118300 करोड़ डॉलर में खरीदा है। इस सौदे के तहत व्हाट्सएप के सहसंस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेन काम को फेसबुक के बोर्ड का सदस्य भी बनाया जाएगा। हालांकि व्हाट्सएप के फेसबुक के हाथों बिक जाने के बाद भी फेसबुक मैसेंजरएप और व्हाट्सएप को यूजर अलग अलग इस्तेमाल कर सकेंगे।
खबर है कि गूगल ने व्हाट्सएप को खरीदन के लिए आखिर दम कोशिश के तहत उसे 19 अरब डॉलर से ज्यादा की राशि देने की पेशकश की थी। लेकिन कंपनी के सह संस्थापकों जेन कॉम और ब्रायन एक्शन ने इस पेशकश को सिर्फ इसलिए ठुकरा दिया क्योंकि उन्हें ऐसा लगा कि गूगल सिर्फ फेसबुक को इस सौदे से दूर रखने के लिए ऐसा कर रही है।
ऐसी भी खबर है कि जब गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लैरी पेज को यह खबर लगी कि फेसबुक व्हाट्सएप को खरीदने जा रही है तो वह तुरंत व्हाट्सएप के मालिकों से मिलने चले गए और उनसे कहा कि वह फेसबुक से दूर रहें क्योंकि फेसबुक को व्हाट्सएप से कड़ी चुनौती मिल रही है। ऐसे में उनका अलग रहना कारोबारी नजरिए से व्हाट्सएप के लिए फायदे मंद रहेगा।
ऐसा भी माना जा रहा है कि जेन कॉम ने गूगल की पेशकश शायद इसलिए भी ठुकराई क्योंकि गूगल उन्हें अपने बोर्ड में सदस्य के रूप में शामिल करने के लिए तैयार नहीं थी, जबकि फेसबुक ने यह ऑफर उन्हें पहले ही दे दिया था।