KhabarFast

19 बिलियन डॉलर में फेसबुक का हुआ वाट्स अप

Parth Jha | 20 Feb, 2014

नई दिल्ली: फ्री मैसेजिंग एप्लीकेशन व्हाट्सअप को फेसबुक जल्द ही खरीदने वाली है। वाट्स अप की पूरी टीम फेसबुक की टीम को ज्वॉइन करेगी। उम्मीद है कि इंटरनेट की दुनिया में ये जोड़ी मिलकर कुछ नया धमाल मचाएगी।

फेसबुक वाट्स अप को खरीदने के लिए 19 बिलियन डॉलर की डील भी हो चुकी है। फेसबुक के संस्थापक मार्क जकरबर्ग ने अपने फेसबुक अकाउंट पर इसकी पुष्टि की है।

फेसबुक के अधिकारियों के मुताबिक इसके लिए वे कुल 19 बिलियन डॉलर खर्च करेंगे। जबकि इसमें 4 बिलियन डह्वॉलर ही कैश में पेमेंट की जाएगी। बाकी का पैसा स्टॉक्स के जरिए दिया जाएगा। वाट्स एप की लोकप्रियता दुनिया में लगभग 450 मिलियन लोगों के बीच है, जिसे देखते हुए फेसबुक ने इसे खरीदने की प्लानिंग की है।

मार्क ने अपनी पोस्ट में कहा है कि उनका मिशन दुनिया के लोगों को जोड़ना है। वाट्स अप की इस डील से वह लोगों को पहले से ज्यादा बेहतर सर्विस दे पाएंगे।वाट्स अप को 450 मिलियन से ज्यादा लोग यूज कर रहे हैं। एक मिलियन से भी ज्यादा लोग रोज वाट्स अप के लिए साइन करते हैं।

मार्क ने अपनी पोस्ट में स्पष्ट किया कि आने वाले सालों में व्हाट्सअप को नई ऊचाइयों तक पहुंचा पूरी दुनिया से जोड़ने की कोशिश करेंगे। मार्क के अनुसार वाट्स अप में वो हर चीज है जो मैसेजिंग सेवा में होना चाहिए। इसलिए हमें उम्मीद है कि उनकी टीम ने हमारे साथ काम करने का फैसला किया।

मार्क ने कहा,मैं आगे आने वाले वक्त में फेसबुक और वाट्स अप के साथ होने की संभावनाओं को तलाश रहा हूं और हम लोगों के जुड़ने के नए तरीकों के लिए कई और मोबाइल सर्विसेज लांच करेंगे।

वाट्स अप के आने के बाद यह फेसबुक से कहीं ज्यादा लोकप्रिय हो गया था और फेसबुक के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। गौरतलब है कि वाट्स अप को खरीदने से पहले फेसबुक ने साल 2012 में एक अरब डॉलर की लागत से इंस्टाग्राम को खरीदा था।