KhabarFast

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच अलर्ट मोड पर भारत. अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी

Parth Jha | 23 Feb, 2026

India Advisory on US-Iran Tension: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव को लेकर भारत सरकार अलर्ट मोड पर है। सरकार ने अपने नागरिकों को ईरान छोड़ने का आदेश दिया है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने 23फरवरी 2026को ताजा एडवाइजरी जारी करते हुए ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा है कि उपलब्ध सभी साधनों, जिसमें वाणिज्यिक उड़ानें शामिल हैं, का उपयोग करके जल्द से जल्द ईरान से निकल जाएं। दरअसल, यह सलाह क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति के तेजी से बिगड़ने और अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की बढ़ती आशंका के मद्देनजर जारी की गई है।

एडवाइजरी में क्या कहा गया?

यह एडवाइजरी ऐसे समय आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर सख्त रुख अपनाया है। ट्रंप ने हाल ही में कहा है कि वे ईरान पर सीमित सैन्य हमला करने पर विचार कर रहे हैं, अगर तेहरान नया परमाणु समझौता नहीं करता। अमेरिका ने खाड़ी क्षेत्र में दो एयरक्राफ्ट कैरियर ग्रुप्स सहित बड़ी सैन्य तैनाती की है, जो 2003के इराक युद्ध के बाद सबसे बड़ी बिल्ड-अप मानी जा रही है। ईरान ने जवाब में अमेरिकी ठिकानों पर हमले की चेतावनी दी है और होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की धमकी भी जताई है, जो वैश्विक तेल व्यापार के लिए अहम है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि यह निर्देश जनवरी 2026 में जारी पिछली सलाहों (5 जनवरी और 14 जनवरी) की निरंतरता है। भारतीय नागरिकों और PIOs से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, प्रदर्शन या भीड़-भाड़ वाले इलाकों से दूर रहें, भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में रहें और स्थानीय मीडिया की खबरों पर नजर रखें। पासपोर्ट, आईडी और अन्य यात्रा दस्तावेज हमेशा तैयार रखने की सलाह दी गई है। दूतावास ने इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जैसे +989128109115, +989128109109 आदि, जहां मदद मांगी जा सकती है।