KhabarFast

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले लिएंडर पेस बीजेपी में शामिल, जानें किस मुद्दे को लेकर करेंगे फोकस

Parth Jha | 31 Mar, 2026

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। देश के मशहूर टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। लिएंडर पेस ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और भाजपा नेता सुकांत मजूमदार की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। बीजेपी में शामिल होने के बाद पेस ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने उन्हें देश की सेवा का मौका दिया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य ध्यान खेल और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर रहेगा।

बीजेपी के लिए बड़ी उपलब्धि- सुकांत

इस मौके पर सुकांत मजूमदार ने कहा कि लिएंडर पेस जैसे बड़े खिलाड़ी का पार्टी में आना बीजेपी के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे चुनाव में पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि पेस पश्चिम बंगाल चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार भी करेंगे। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पिछले वर्षों में खेल और खिलाड़ियों के लिए किए गए कामों से प्रभावित होकर पेस ने बीजेपी जॉइन की है। उन्होंने पेस की 1996 के अटलांटा ओलंपिक में जीते गए कांस्य पदक की भी तारीफ की और कहा कि वह एशिया के पहले ऐसे खिलाड़ी थे जिन्होंने लॉन टेनिस में ओलंपिक पदक जीता।

TMC से जुड़े थे पेस

गौरतलब है कि लिएंडर पेस पहले ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े हुए थे। उन्होंने साल 2021 में पार्टी जॉइन की थी, लेकिन हाल के समय में वह सक्रिय राजनीति में ज्यादा नजर नहीं आ रहे थे। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में होंगे। पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। लिएंडर पेस का बीजेपी में शामिल होना चुनाव से ठीक पहले एक बड़ा राजनीतिक बदलाव माना जा रहा है, जो राज्य की राजनीति पर असर डाल सकता है।