West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर मतदान दो चरणों में हो चुका है। सभी उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी हैं। अब 4 मई को इसके परिणाम घोषित किए जाएंगे। उससे पहले ही बंगाल में बवाल शुरू हो गया है। बीजेपी और टीएमसी में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। तृणमूल कांग्रेस ने स्ट्रांग रूम के भीतर अनियमितता का आरोप लगाया है। साथ ही इससे जुड़े कई वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर भी किया है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता के भवानीपुर स्ट्रांग रूम पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने कहा कि यहां EVM के लिए एक स्ट्रॉन्ग रूम है। हमने पाया कि कई जगहों पर हेरफेर हो रहा है। जब मैंने टीवी पर CCTV देखा, तो मैंने सोचा कि मुझे भी जाकर देखना चाहिए। शुरू में सेंट्रल फोर्स ने मुझे अंदर नहीं जाने दिया। लेकिन हमारे चुनाव नियमों के अनुसार किसी भी पार्टी के उम्मीदवार और चुनाव एजेंट को सीलबंद कमरे तक जाने की इजाज़त है। हमारे एजेंट को गिरफ्तार किया गया है, बहुत ज़्यादा एकतरफ़ापन हुआ है। उसके बाद भी, अगर कोई EVM मशीन चुराने की कोशिश करता है, अगर कोई गिनती चुराने की कोशिश करता है, तो हम एक साथ लड़ेंगे।
सरकार के साथ-साथ कुछ महीनों में पार्टी भी समाप्त हो जाएगी- सामिक भट्टाचार्य
न्यूज एंजेसी एएनआई से बात करते हुए पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कहा कि TMC हार से पहले ही हार चुकी है। ममता बनर्जी ये जानती हैं कि तृणमूल कांग्रेस की स्थिति क्या है। सरकार तो जा ही रही है, सरकार के साथ-साथ कुछ महीनों में पार्टी भी समाप्त हो जाएगी। दीपक बुझने से पहले थोड़ा फड़फड़ाता है और वही हो रहा है। ये ड्रामा कितने दिन पश्चिम बंगाल की जनता देखेगी? अब इसका कोई भी प्रभाव किसी पर भी नहीं पड़ने वाला है।
धरने पर बैठे टीएमसी नेता
नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर टीएमसी नेता शशि पांजा और कुणाल घोष स्ट्रॉन्ग रूम के सामने धरने पर बैठे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP और ECI अधिकारी पार्टी के संबंधित प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बिना बैलेट बॉक्स खोलने की कोशिश कर रहे हैं।
हमें यह सब क्यों नहीं दिखाया जा रहा है?- कुणाल घोष
कुणाल घोष ने कहा कि आप चुनाव आयोग की लाइवस्ट्रीमिंग और CCTV कैमरे में देख सकते हैं कि कुछ लोग अंदर काम कर रहे हैं। हमारा कोई भी प्रतिनिधि अंदर नहीं है। वे हमें अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। वे हमसे दूसरे उम्मीदवारों से बात करने के लिए कह रहे हैं। हम दूसरे उम्मीदवारों की ज़िम्मेदारी क्यों लें?। शशि पांजा ने कहा कि हमें चिंता है। कोई हेरफेर नहीं होना चाहिए। हमें यह सब क्यों नहीं दिखाया जा रहा है?