Haryana Weather : उत्तर भारत के बड़े हिस्सों में कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू से एक-दो दिनों में राहत मिलने के संकेत हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाएं व पंजाब-हरियाणा के ऊपर बनने वाला चक्रवाती सर्कुलेशन उत्तर भारत के बड़े हिस्से में बारिश, आंधी व तापमान में गिरावट का कारण बनेगा। इस दौरान तेज गति से हवा चलेंगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 28 मई की रात से ही पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू हो जाएगा और 29 मई से मौसम तेजी से बदलने लगेगा।
मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि 28-30 मई के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में लगभग 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में आंधी, गरज-चमक संग बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। इससे तापमान चार डिग्री तक गिर सकता है। मौसम केंद्र के अनुसार मानसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप व बंगाल की खाड़ी में और आगे बढ़ गया है।
• आंधी-बारिश के चलते तापमान में चार डिग्री तक हो सकती है गिरावट
• पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता व बंगाल की खाड़ी से आ रहीं नम हवाएं
गर्मी के चलते दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के 11 सर्कल में पिछले साल के मुकाबले इस साल 43.60% बिजली की मांग ज्यादा है।
देशभर में सूरज की तपिश और बढ़ता पारा जिंदगीयों को झुलसा रहा है। भीषण गर्मी के इस संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए देशवासियों से बेहद आत्मीय और भावपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मौसम हम सभी के लिए कड़ा इम्तिहान है, इसलिए सभी नागरिक अपनी सुरक्षा के लिए हर संभव सावधानी बरतें।
हरियाणा में भी वर्षा की संभावना
प्रदेश में बृहस्पतिवार से मौसम बदल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हरियाणा के हर जिले में वर्षा की संभावना है। राजस्थान सीमा के साथ लगते जिलों में वर्षा के साथ लू चलने का भी अलर्ट है। बुधवार को भीषण लू के चलते तापमान में बढ़ोतरी हुई तो बिजली की मांग भी बढ़ी है। नौतपा में तापमान में वृद्धि से गर्मी से लोग बेहाल हैं। बुधवार को प्रदेश में रोहतक जिला सबसे गर्म रहा। यहां पारा 46.6 डिग्री पहुंच गया।
तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
न्यूनतम / अधिकतम
अंबाला 27.8 / 44
भिवानी 27.5 / 45
गुरुग्राम 26.4 / 42.6
हिसार 24.5 / 45
करनाल 23 / 43.7
नारनौल 27 / 45.5
रोहतक 23.8 / 46.6
सिरसा 27.6 / 43.8