Weather Update: हरियाणा में भीषण गर्मी और लू के बीच कई जिलों से राहत भरी खबर सामने आई है। शुक्रवार सुबह प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम ने करवट ली। सिरसा के डबवाली क्षेत्र और झज्जर के कई गांवों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं फतेहाबाद में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि फरीदाबाद और महेंद्रगढ़ में बादल छाए रहे।
हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद गर्मी का असर पूरी तरह कम नहीं हुआ है। शुक्रवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन तापमान अब भी सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक बना हुआ है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में लू और तेज गर्म हवाओं का असर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 28 मई को कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
शुक्रवार को रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं फरीदाबाद के बोपानी क्षेत्र में तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू चली, लेकिन इसका सबसे ज्यादा असर सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और रेवाड़ी जिलों में देखने को मिला। दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
मौसम विभाग के अनुसार 23 से 27 मई तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों के दौरान इनकी गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, मेवात, रोहतक, सोनीपत, सिरसा, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी समेत अधिकांश जिलों में हीटवेव का असर रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और अत्यधिक जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।