KhabarFast

weather Update: ठंड–स्मॉग की डबल मार! दिल्ली-NCR में खिलेगी की धूप लेकिन बढ़ी ठिठुरन, AQI फिर ‘बहुत खराब’

Parth Jha | 20 Nov, 2025

Delhi Pollution: दिल्ली-एनसीआर में ठंड हर दिन अपना असर बढ़ा रही है। हालांकि आज सुबह से धूप खिलेगी, लेकिन न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जिससे ठिठुरन कम होने का नाम नहीं ले रही। इस बीच हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में बनी हुई है। सुबह और शाम के समय घनी धुंध और स्मॉग के कारण प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद के लोगों के लिए आज का दिन भी आसान नहीं रहने वाला।

दिल्ली-NCR में तापमान में गिरावट के साथ अब शीतलहर जैसा असर महसूस होने लगा है। सुबह और देर शाम की ठंड हर दिन तेज होती जा रही है। आज यानी 20 नवंबर को अधिकतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 11–15 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। दूसरी ओर AQI स्तर आज भी बहुत खराब श्रेणी में रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों के मुताबिक सीमित हवा की गति के कारण प्रदूषण फंस रहा है और स्मॉग की चादर घनी होती जा रही है।

दिल्ली से नोएडा तक जहरीलीहवा का प्रकोप

दिल्ली का AQI आज 300 से 450 के बीच रह सकता है, जिससे हवा सांस लेने लायक भी मुश्किल होगी, खासकर सुबह और शाम में। नोएडा में भी ऐसी ही स्थिति रहने वाली है। यहां अधिकतम तापमान 23–26 डिग्री सेल्सियस और सुबह का तापमान 11–13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का अनुमान है। गुरुग्राम में मौसम हल्का धुंधला रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 24–25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। गाजियाबाद में भी दिन का तापमान 25–26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, लेकिन AQI ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ तक बना रहेगा।

फरीदाबादसोनीपत में भी कम नहीं प्रदूषण का असर

फरीदाबाद में आज अधिकतम तापमान 24–26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, हालांकि शाम की ठंड NCR के बाकी जिलों की तुलना में कम होगी। यहां भी हवा की गुणवत्ता सुधरने की संभावना नहीं है। सोनीपत में हल्का धुंधला मौसम रहेगा और अधिकतम तापमान 24–26 डिग्री के करीब रह सकता है। कुल मिलाकर, एनसीआर के ज़्यादातर जिलों में हवा के कम फैलाव के कारण प्रदूषण का स्तर आज भी ऊंचा रहेगा, जिससे लोगों को ठंड और प्रदूषण—दोनों का सामना करना पड़ेगा।