World Cup 2027: विराट कोहली ने वनडे वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा बयान दिया है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान ने साफ कहा है कि वह वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए टीम का भरोसा और सम्मान जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें बार-बार खुद को साबित करने के लिए कहा जाएगा, तो वह ऐसे माहौल में नहीं खेलना चाहेंगे। इन दिनों कोहली Royal Challengers Bengaluru के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने 12 मैचों में 484 रन बनाए हैं और ऑरेंज कैप की दौड़ में बने हुए हैं। उनकी टीम आरसीबी भी 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने के करीब है।
पॉडकास्ट में की बातचीत
आईपीएल के बीच आरसीबी के पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए कोहली ने अपने भविष्य और क्रिकेट को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जब तक टीम को लगता है कि वह योगदान दे सकते हैं और टीम में भरोसा बना रहता है, तब तक वह खेलते रहेंगे। कोहली ने कहा की अगर मुझे यह महसूस कराया गया कि मुझे हर बार अपनी कीमत साबित करनी है, तो वह जगह मेरे लिए नहीं है। मैं अपनी मेहनत और तैयारी को लेकर पूरी तरह ईमानदार हूं।
The most anticipated, the one that we've all been waiting for... 𝗥𝗖𝗕 𝗣𝗼𝗱𝗰𝗮𝘀𝘁 𝗳𝘁. 𝗩𝗶𝗿𝗮𝘁 𝗞𝗼𝗵𝗹𝗶. 🎙️❤️
— Royal Challengers Bengaluru (@RCBTweets) May 15, 2026
VK18 talks about his state of mind, playing with purpose, his Test career, leading India in the whites, the 2027 ODI World Cup and much more. 🔥
📽️ We're… pic.twitter.com/qxCgTZR3Bs
टेस्ट क्रिकेट से ले चुके संन्यास
37 साल के कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह पहले ही टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। हालांकि वनडे क्रिकेट के प्रति उनका जुनून अभी भी कम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अब वह किसी रिकॉर्ड या आलोचना के बारे में नहीं सोचते। उनका पूरा ध्यान सिर्फ क्रिकेट का आनंद लेने पर है। कोहली के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद उनका नजरिया पूरी तरह बदल गया।
मुझे क्रिकेट से प्यार है- कोहली
उन्होंने कहा की अब मैं सिर्फ इसलिए खेलता हूं क्योंकि मुझे क्रिकेट से प्यार है। मैदान पर डाइव लगाना, पूरी ऊर्जा के साथ फील्डिंग करना मुझे फिर से बचपन जैसा एहसास देता है। कोहली ने खिलाड़ियों के लगातार मूल्यांकन पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि अगर किसी खिलाड़ी पर भरोसा किया जाता है, तो हर मैच के बाद उसके बारे में राय बदलना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि टीम में स्थिर माहौल होना बहुत जरूरी है। पूर्व कप्तान ने यह भी साफ कर दिया कि अगर वह आगे भी खेलते रहे, तो भारत के लिए एक और वर्ल्ड कप खेलना उनकी सबसे बड़ी इच्छा होगी।