KhabarFast

वैभव सूर्यवंशी का धमाका, टी20 क्रिकेट में बनाया बड़ा रिकॉर्ड

Shivani Jha | 10 May, 2026

Vaibhav Sooryavanshi Record: राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींच लिया है। शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों पर 36 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इस छोटी लेकिन आक्रामक पारी के दौरान वैभव ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। वह टी20 क्रिकेट में सबसे तेज और सबसे कम उम्र में 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि केवल 29 पारियों में हासिल की। इससे पहले किसी खिलाड़ी ने इतनी जल्दी यह रिकॉर्ड नहीं बनाया था।

सबसे कम गेंदों में बनाया रिकॉर्ड

इतना ही नहीं, वैभव ने सबसे कम गेंदों में 100 टी20 छक्के लगाने का रिकॉर्ड  भी बना दिया। उन्होंने सिर्फ 514 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया। क्रिकेट विशेषज्ञ इसे बेहद खास उपलब्धि मान रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी अब एक आईपीएल सीजन में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इस सीजन में उन्होंने पावरप्ले में 30 छक्के लगाए हैं। उन्होंने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2024 में 29 छक्के लगाए थे।

40 छक्के लगा चुके वैभव

इस सीजन में वैभव अब तक कुल 40 छक्के लगा चुके हैं और वह आईपीएल 2026 के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं।
मैच में वैभव ने मोहम्मद सिराज की पहली ही गेंद पर लंबा छक्का जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए थे। हालांकि बाद में सिराज ने उन्हें आउट कर दिया, लेकिन तब तक वैभव रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा चुके थे।

सीजन के सबसे सफल बल्लेबाज

राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव इस सीजन सबसे सफल बल्लेबाज साबित हुए हैं। उन्होंने 11 पारियों में 40 की औसत और 236.55 की स्ट्राइक रेट से 440 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक निकले हैं। हालांकि मैच में राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से हार का सामना करना पड़ा। गुजरात टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 229 रन बनाए थे। जवाब में राजस्थान की टीम 152 रन पर सिमट गई। वैभव की बेखौफ बल्लेबाजी ने फैन्स और क्रिकेट विशेषज्ञों को काफी प्रभावित किया है। कई लोग उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा मानने लगे हैं।

Also read: RCB के खिलाफ मैच से पहले मुंबई इंडियंस को राहत, सूर्यकुमार यादव खेलेंगे मुकाबला