Uttarakhand News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो यात्रा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं। ताजा वीडियो में कहीं घोड़ा-खच्चर संचालकों के बीच विवाद दिखाई दे रहा है तो कहीं श्रद्धालु आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं। प्रशासन ने कुछ मामलों में कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
चारधाम यात्रा के सबसे व्यस्त पड़ावों में शामिल केदारनाथ यात्रा मार्ग इन दिनों भारी भीड़ के दबाव से जूझ रहा है। इसी बीच मारपीट और विवादों के वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में घोड़ा-खच्चर संचालक आपस में लाठी-डंडों के साथ भिड़ते दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है और उनके लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।
वायरल हो रहे वीडियो व्यवस्था की चुनौतियों को भी उजागर कर रहे हैं
दरअसल, इस वर्ष केदारनाथ यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कई बार भारी भीड़, लंबा जाम और खराब मौसम के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का दावा कर रहा है, लेकिन वायरल हो रहे वीडियो व्यवस्था की चुनौतियों को भी उजागर कर रहे हैं।