Uttar Pradesh News: लोगों को महंगाई के मोर्चे पर एक और झटका लगा है। बीते कुछ हफ्तों में दूध, पेट्रोल-डीजल, सीएनजी के दाम बढ़ गए हैं। जिसके कारण लोगों की जेब ढिली हो गई है। अब उत्तर प्रदेश में भी बिजली 10 फीसदी महंगी हो गई है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बिजली बिल पर 10 फीसदी ज्यादा शूल्क वसूलने का फैसला किया है। यह राशि फ्यूल सरचार्ज पर बढ़ोतरी के कारण बढ़ी है। आदेश के तहत बढ़ा हुआ शुल्क जून महीने के बिजली बिल के साथ जोड़ा जाएगा।
सरचार्ज बढ़ाने पर फैसला
इस फैसले का असर प्रदेश के लाखों घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणी के बिजली अपभोक्ताओं पर पड़ेगा। बिजली विभाग का कहना है कि बिजली उत्पादन और खरीद में आने वाली अतिरिक्त लागत की भरपाई के लिए शुल्क बढ़ाया गया है। इसके तहत उपभोक्ताओं के बिल में अलग से जोड़ा जाएगा।
हालांकि, बिजली शुल्क में बढ़ोतरी का फैसला ऐसे समय में किया गया है, जब राज्य के कई हिस्सों में बिजली कटौती और आपूर्ति संबंधी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। बढ़ती गर्मी के मौसम में लगातार बिजली की मांग बढ़ रही है। ऐसे में बिजली बिल में 10 फीसदी अतिरिक्त भार पड़ने से आम उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर होगा।