KhabarFast

पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले हंगामा, टीएमसी और बीजेपी आमने-सामने

Shivani Jha | 03 May, 2026

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल में मतगणना से ठीक पहले एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस बार हंगामा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में देखने को मिला। टीएमसी ने आरोप लगाया है कि बीजेपी के झंडे लगी दो कारों को काउंटिंग सेंटर परिसर में घुसने की अनुमति दी गई, जिससे विवाद खड़ा हो गया। यह घटना सखावत मेमोरियल गर्ल्स स्कूल में हुई, जहां मतगणना होनी है। इसी जगह कुछ दिन पहले ममता बनर्जी ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर धरना भी दिया था। उनका आरोप था कि बिना अनुमति कुछ लोग स्ट्रॉन्ग रूम के पास पहुंचे थे, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठे।

टीएमसी कार्यकर्ताओं ने किया दावा

रविवार सुबह टीएमसी कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि काउंटिंग सेंटर से करीब 100 मीटर दूर कैंप कर रहे उनके लोगों ने देखा कि बीजेपी के झंडे लगी दो गाड़ियां अंदर चली गईं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वहां तैनात सुरक्षाबल बिना पहचान पत्र के किसी को अंदर नहीं जाने देते, फिर इन गाड़ियों को कैसे अनुमति मिली? एक टीएमसी कार्यकर्ता ने कहा कि जब उन्होंने विरोध किया, तो केंद्रीय सुरक्षा बलों ने उन्हें दूर रहने को कहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने गाड़ियों को हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन वे कुछ समय तक वहीं खड़ी रहीं।

चुनाव आयोग ने किया आरोपों को खारिज

हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आरोपों को खारिज किया है। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संबंधित गाड़ी सामान्य रास्ते से गुजर रही थी और जांच के बाद उसमें कुछ भी आपत्तिजनक नहीं पाया गया, इसलिए उसे आगे जाने दिया गया। राज्य में टीएमसी और बीजेपी के बीच मुकाबला बेहद कड़ा माना जा रहा है। चुनाव खत्म होने के बाद से ही दोनों पार्टियां स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा पर नजर बनाए हुए हैं। कई जगहों पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने सीसीटीवी बंद होने और संदिग्ध गतिविधियों के आरोप लगाए हैं।

बीजेपी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

दूसरी ओर, बीजेपी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि टीएमसी हार के डर से इस तरह के आरोप लगा रही है। मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी। ऐसे में पूरे राज्य की नजर नतीजों पर टिकी है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तनाव भी बना हुआ है।

Also read: West Bengal Elections 2026: मां, माटी और मानुष’ का नारा फिर गूंजा, ममता ने किया जीत का दावा