KhabarFast

UP News: मेरठ में नर्स की हत्या से सनसनी, वार्ड बॉय दोस्त निकला कातिल, दो आरोपी गिरफ्तार

Parth Jha | 22 May, 2026

UP News: यूपी के मेरठ में मेडिकल थाना क्षेत्र के जयभीम नगर में नर्स की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान अंजली शर्मा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी और उसकी बहन को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि वार्ड ब्वाय दोस्त सुफियान ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर अंजली की हत्या की है। हत्या के बाद सुफियान की बहन साजिदा अंजली की लाश को एक ई-रिक्शा में लादकर मेडिकल कॉलेज पहुंची और इमरजेंसी के बाहर छोड़कर फरार हो गई। अंजली की 2019 में शादी हुई थी। एक चार साल का बेटा भी है।

अंजली शर्मा के भाई प्रदीप ने बताया, शादी के बाद अंजली और उसके पति सनी के बीच विवाद रहने लगा। इसी के चलते अंजली अपने घर वापस आ गई और मेडिकल कॉलेज में नर्स की जॉब कर रही थी। मेडिकल कॉलेज में ही खुशहालनगर, लिसाड़ी गेट के रहने वाले सुफियान से अंजली की मुलाकात हुई थी। सूफियाना अंजली पर जबरन शादी करने और धर्मांतरण का दबाव बना रहा था

पुलिस पूछताछ में सुफियान की बहन साजिदा ने बताया, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे अंजली घर से ड्यूटी के लिए निकली, तभी रास्ते में सूफियान ने अपहरण कर लिया। वह अंजली को लोहियानगर एल-ब्लॉक स्थित अपने मकान पर ले गया. वहां उसने फिर से शादी और धर्म परिवर्तन की बात दोहराई, लेकिन अंजली के कड़े विरोध और इंकार करने पर सूफियान ने रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी।