KhabarFast

यूपी के गाजीपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक के मारी टक्कर, दर्दनाक सड़क हादसे में 3 युवको की मौत

Parth Jha | 26 May, 2026

UP News: यूपी के गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। यह घटना बौरी बरार गांव के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही इस घटना की जांच में जुट गई।

पुलिस के अनुसार, तीनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इस हादसे में टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवारों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों में एक युवक अपने मामा के लड़के के साथ वापस आ रहा था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच में जुटी पुलिस

मृतक गाजीपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। इनमें जंगीपुर थाना क्षेत्र के रंजीतपुर और नोनहरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव के युवक शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।