KhabarFast

महाराष्ट्र में दर्दनाक सड़क हादसा, डंपर-कार की टक्कर में 11 लोगों की मौत

Sachin Kumar | 13 Apr, 2026

Road Accident: महाराष्ट्र के कल्याण में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां सड़क दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक घायल बताया जा रहा है। यह हादसा कल्याण-मुरबाड मार्ग पर रायता पुल के पास करीब सुबह 11 बजे हुआ। 

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही टिटवाला पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है। बताया जा रहा है कि इको कार में कुल 12 लोग सवार थे। यह कार मुरबाड जा रही थी। जैसे ही कार कल्याण के नजदीक रायता पुल के पास पहुंची तो उसकी टक्कर डंपर से हो गई। 

ओवरलोडिंग की वजह से हादसा 

कल्याण-मुरबाड हादसे का बड़ा कारण ओवरलोडिंग बताया जा रहा है। पांच सीटों वाली इको कार में 12 लोग सवार थे। वहीं, तेज रफ्तार में उलटी दिशा से आ रहे भारी सीमेंट मिक्सर की टक्कर कार से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। स्थानीय लोगों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने 11 लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल शख्स का इलाज जारी है। 

Also read: Delhi EV Policy 2026: 1 लाख की सब्सिडी से बदलेगा इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार, जानें कौन उठा सकेगा लाभ

एक्शन लेने की तैयारी कर रहा प्रशासन 

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में 7 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल है। फिलहाल टिटवाला पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है। इस घटना के बाद एक बार फिर कल्याण-मुरबाड मार्ग पर नियमों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे अवैध परिवहन के मुद्दे को खड़ा कर दिया है। क्षमता से दोगुने यात्रियों को बैठाकर गाड़ी चलाना, इस घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है। जिसके बाद ओवरलोडिंग को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन अब इस मामले में सीमेंट मिक्सर चालक और अवैध परिवहन संचालकों के खिलाफ एक्शन लेने की तैयारी कर रहा है।