Tamilnadu Election: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को बहुमत से कुछ सीटें कम मिलने के बावजूद अब सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया है। कांग्रेस पार्टी ने TVK को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस के समर्थन के बाद अब पार्टी प्रमुख थलपति विजय के मुख्यमंत्री बनने की संभावना काफी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि विजय जल्द ही सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।
कांग्रेस ने रखी शर्त
कांग्रेस ने हालांकि समर्थन के साथ एक शर्त भी रखी है। पार्टी ने साफ कहा है कि इस गठबंधन में किसी भी “सांप्रदायिक ताकत” को शामिल नहीं किया जाएगा। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडंकर ने इस शर्त को स्पष्ट किया है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस और TVK के बीच बातचीत पहले से चल रही थी। कांग्रेस की तरफ से सरकार में हिस्सेदारी की भी चर्चा हुई है। कहा जा रहा है कि पार्टी दो मंत्री पद चाहती है, हालांकि इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
गठबंधन के पक्ष में राहुल गांधी
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी भी इस गठबंधन के पक्ष में थे। वहीं, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे चाहते थे कि अंतिम फैसला तमिलनाडु कांग्रेस इकाई करे। इसके बाद राज्य के नेताओं की बैठक में औपचारिक रूप से समर्थन देने का निर्णय लिया गया। अब खबर है कि थलपति विजय 7 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उनका शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जा सकता है।
शपथ के लिए चुना गया ये दिन
बताया जा रहा है कि विजय ने गुरुवार का दिन शपथ के लिए चुना है, जिसे शुभ माना जाता है। इसी को देखते हुए TVK के सभी विधायकों को चेन्नई में ही रुकने के निर्देश दिए गए हैं। अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा, तो तमिलनाडु में पहली बार TVK की सरकार बनेगी, जो राज्य की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है।