KhabarFast

तमिलनाडु में थलापति विजय की सरकार ने विश्वासमत हासिल किया, 144 वोटों से मिली जीत

Shivani Jha | 13 May, 2026

Tamil Nadu Vishwas Mat: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां थलापति विजय की सरकार ने विधानसभा में विश्वासमत हासिल कर लिया है। विश्वासमत के दौरान विजय के पक्ष में 144 वोट पड़े, जिससे उनकी सरकार को स्पष्ट बहुमत मिल गया। तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 सीटों का है। लेकिन इस बार विपक्षी पार्टी डीएमके ने सदन में विश्वासमत प्रक्रिया का बहिष्कार किया, जिससे राजनीतिक समीकरण बदल गए। डीएमके के 59 विधायक वोटिंग से दूर रहे।

दलों ने अपनाया अलग-अलग रुख

विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी ने 108 सीटों पर जीत हासिल की थी और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। वहीं डीएमके को 59 सीटें, एआईएडीएमके को 47 सीटें और कांग्रेस को 5 सीटें मिली थीं। पीएमके को 4 सीटें और अन्य दलों को भी कुछ सीटें हासिल हुई थीं। विश्वासमत के दौरान डीएमके के बहिष्कार के कारण सदन में मौजूद सदस्यों की संख्या कम हो गई, जिससे बहुमत का गणित आसान हो गया। वोटिंग के दौरान कई दलों ने अलग-अलग रुख अपनाया।

एक विधायक रहा अनुपस्थित

एआईएडीएमके के 24 विधायकों ने विजय सरकार के समर्थन में वोट किया, जबकि एक विधायक अनुपस्थित रहा। पार्टी के कुछ अन्य नेता इस मुद्दे पर बंटे हुए नजर आए। एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेता ई. के. पलनासामी ने सरकार का विरोध किया था, लेकिन कुछ विधायकों ने समर्थन दिया। वहीं, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, वीसीके, आईयूएमएल और एएमएमके जैसी पार्टियों ने भी विजय सरकार को समर्थन दिया। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के एकमात्र विधायक ने मतदान में तटस्थ रुख अपनाया।

विजय को मिला बहुमत मिल

विश्वासमत पेश करने से पहले मुख्यमंत्री थलापति विजय ने विधानसभा में सरकार का पक्ष रखा और सदन से समर्थन मांगा। इसके बाद हुई वोटिंग में उनकी सरकार को स्पष्ट बहुमत मिल गया और विश्वासमत पारित हो गया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डीएमके के बहिष्कार और कुछ विपक्षी दलों के समर्थन से विजय सरकार को मजबूत स्थिति मिली है। हालांकि, आने वाले समय में तमिलनाडु की राजनीति में और भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। यह विश्वासमत विजय सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक जीत माना जा रहा है, जिससे राज्य में उनकी स्थिति और मजबूत हो गई है।

Also read: केरलम में SIR की वजह से कांग्रेस ने ढहाया लेफ्ट का किला, शशि थरूर ने किया बड़ा दावा