KhabarFast

Tamil Nadu Elections: डीएमके ने जारी की पहली सूची, स्टालिन और उदयनिधि फिर मैदान में

Parth Jha | 28 Mar, 2026

Tamil Nadu Elections: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर एम के स्टालिन ने शनिवार को डीएमके की पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी। इस सूची में कई बड़े नेताओं और मंत्रियों को फिर से मौका दिया गया है। डीएमके प्रमुख ने घोषणा की कि उनकी पार्टी 234 सीटों वाली विधानसभा में कुल 164 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बाकी सीटें सहयोगी दलों को दी गई हैं। इस बार भी पार्टी ने अपने ज्यादातर मौजूदा मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं पर भरोसा जताया है।

कांग्रेस को मिला 28 सीटें

सीट बंटवारे के तहत कांग्रेस को 28 सीटें दी गई हैं। वहीं डीएमडीके को 10 सीटें, वीसीके को 8 सीटें मिली हैं। इसके अलावा सीपीआई और सीपीएम को 5-5 सीटें दी गई हैं। मुख्यमंत्री स्टालिन को एक बार फिर कोलाथुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं उनके बेटे और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को चेपॉक-त्रिप्लिकेन से मैदान में उतारा गया है।

राज्य के इन मंत्रियों को मिला टिकट

राज्य के कई प्रमुख मंत्रियों को भी टिकट दिया गया है, जिनमें दुरई मुरुगन, के एन नेहरू, अनबिल महेश पोय्यामोझी, थंगम थेन्नारासु, मा सुब्रमणियन और ई वी वेलु शामिल हैं। सबसे खास बात यह है कि पहले एआईएडीएमके से जुड़े रहे ओ पन्नीरसेल्वम, जो हाल ही में डीएमके में शामिल हुए हैं, उन्हें बोडिनायक्कनूर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

अनुभव और नए चेहरों के बीच संतुलन

इसके अलावा उनके दो सहयोगियों पॉल मनोज पांडियन और आर वैथिलिंगम, जो हाल ही में डीएमके में शामिल हुए हैं, उन्हें भी टिकट दिया गया है। डीएमके की इस सूची से साफ है कि पार्टी अनुभव और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाकर चुनावी मैदान में उतर रही है। अब देखना होगा कि यह रणनीति चुनाव में कितना असर दिखाती है।