Stock Market Rally: अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्तों की अस्थायी सीजफायर की घोषणा के बाद भारतीय शेयर बाजार में आज जोरदार रिकवरी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स में 2700 अंकों से ज्यादा की उछाल आई, जबकि एनएसई निफ्टी 700 प्वाइंट से ज्यादा मजबूत होकर 23,900 के ऊपर पहुंच गया। इस तेजी से निवेशकों को करीब 13 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ और बाजार की कुल वैल्यूएशन में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बता दें, सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 77,000 के पार पहुंच गया, जबकि निफ्टी 23,850-23,900 के स्तर को पार कर गया। यह तेजी पिछले कुछ दिनों की अनिश्चितता के बाद आई है, जब मध्य पूर्व में तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने बाजार को दबाव में रखा था।
तेजी के मुख्य कारण
1. अमेरिका-ईरान सीजफायर: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा ने भू-राजनीतिक तनाव को कम किया। इससे वैश्विक बाजारों में भी सकारात्मक माहौल बना।
2. कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट: ब्रेंट क्रूड 16% तक टूटकर 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया। भारत जैसे तेल आयातक देशों के लिए यह राहत की खबर है, क्योंकि इससे महंगाई और कॉर्पोरेट मार्जिन पर दबाव कम होगा।
3. वैश्विक संकेत सकारात्मक: एशियाई और यूरोपीय बाजारों में तेजी, अमेरिकी फ्यूचर्स में उछाल और भारत वीआईएक्स में 19% की गिरावट ने निवेशकों का विश्वास बढ़ाया।