KhabarFast

जम्मू-कश्मीर के सांबा में 3 संदिग्ध के दिखने से मचा हड़कंप, सुरक्षाबलों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

Parth Jha | 05 Apr, 2026

3 Suspected Seen: जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के एक गांव में तीन संदिग्ध व्यक्तियों के देखे जाने से हड़कंप मच गया है। इसके बाद सुरक्षा बलों ने रविवार को सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दरुई क्षेत्र के बेध खड्ड के एक निवासी ने बताया कि उसने सूख चुके नाले के किनारे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को देखा, जिनमें से एक के पास भारी बैग था। 

अधिकारियों के मुताबिक, उनके पास कोई हथियार तो नहीं दिख रहे थे लेकिन फिर भी उन्हें संदिग्ध आतंकवादी मानते हुए स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह ने सेना और अर्द्धसैनिक बलों की सहायता से सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। 

अधिकारियों ने क्या कहा 

अधिकारियों ने बताया कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अब तक कोई संदिग्ध सामान देखा नहीं गया है। स्थानीय लोगों को भी अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही किसी बाहरी व्यक्ति को शरण न देने और उससे दूर रहने की हिदायत दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्धों के आतंकवादी होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए गांव और उसके आसपास के इलाकों की घेराबंदी की गई है। सुरक्षा बल हर कोने की बारीकी से तलाशी ले रहे हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की निगरानी की जा रही है। 

पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी 

हालांकि अब तक सुरक्षाबलों का संदिग्धों के साथ कोई सीधा संपर्क नहीं हो पाया है, लेकिन तलाशी अभियान जारी है। स्थानीय लोगों से भी अलर्ट रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने की अपील की गई है। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि इलाके में पूरी तरह से निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तलाशी अभियान को तेज किया जाएगा। दूसरी तरफ संभावित खतरे को देखते हुए स्थानीय पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप , सेना और अर्धसैनिक बलों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पूरे इलाके में छानबीन शुरू कर दी है।