Odisha Schools Closed: ओडिशा में बढ़ती भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने गर्मियों की छुट्टियां समय से पहले घोषित कर दी हैं। अब राज्य के सभी स्कूल 27 अप्रैल से बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्कूल और जन शिक्षा विभाग (SME) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार का कहना है कि कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ गया है।
राज्य के सभी स्कूलों पर नियम लागू
सरकारी आदेश के मुताबिक, राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल 27 अप्रैल से गर्मियों की छुट्टियों के लिए बंद रहेंगे। हालांकि, पहले से तय परीक्षाएं, प्रशासनिक काम और अन्य जरूरी गतिविधियां पूर्व निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेंगी। आमतौर पर ओडिशा में गर्मियों की छुट्टियां मई के पहले सप्ताह के बाद शुरू होती हैं, लेकिन इस बार मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए सरकार को यह फैसला पहले लेना पड़ा। हाल के दिनों में कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है।
आंगनबाड़ी केंद्र भी होंगे जल्द बंद
राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों को भी जल्द बंद किया जाएगा। छोटे बच्चों के लिए घर-घर राशन पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राज्य के कम से कम 24 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। अनुमान है कि कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
सरकार ने जारी किया निर्देश
सरकार ने सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं और स्कूलों में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए सतर्क रहें। इस फैसले से छात्रों और अभिभावकों को राहत मिलेगी, क्योंकि तेज गर्मी में बच्चों के स्कूल आने-जाने से स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ रहे थे।