KhabarFast

गुजरात में सड़क पर सोना मिलने की अफवाह, जुटी भारी भीड़; सच्चाई जान लोग हुए निराश

Shivani Jha | 04 May, 2026

Gujarat Fake Gold News: गुजरात के वलसाड जिले में एक अजीब घटना सामने आई, जहां लोगों को कुछ समय के लिए लगा कि सड़क पर सोना बिखरा पड़ा है। यह मामला उमरगाम तालुका के नारगोल कोस्टल हाईवे का है। दोपहर के समय तेज धूप में सड़क पर कुछ चमकदार टुकड़े पड़े हुए दिखाई दिए। जैसे ही सूरज की किरणें उन पर पड़ीं, वे सोने जैसे चमकने लगे। इसी वजह से आसपास के लोगों में अफवाह फैल गई कि सड़क पर असली सोना गिरा है।

मिनटों में जमा हो गई भीड़

ये खबर आग की तरह आसपास के गांवों में फैल गई। कुछ ही मिनटों में बड़ी संख्या में लोग सड़क की ओर दौड़ पड़े। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों तक सभी लोग वहां पहुंच गए। कोई थैला लेकर आया तो कोई कपड़े में भरने लगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा ‘सोना’ इकट्ठा किया जा सके। तेज गर्मी के बावजूद सड़क पर लोगों की भीड़ लग गई। हर कोई जमीन पर झुक-झुककर चमकदार टुकड़े उठाने में लगा था। कुछ लोग एक-दूसरे को दिखा रहे थे और कुछ जल्दी-जल्दी उन्हें अपने बैग और कपड़ों में भर रहे थे। बच्चों के चेहरे पर भी उत्साह साफ दिखाई दे रहा था, जैसे उन्हें कोई बड़ा खजाना मिल गया हो।

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल 

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे लोग सड़क पर पड़े टुकड़ों को इकट्ठा करने के लिए होड़ में लगे थे। लेकिन कुछ समय बाद जब स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने इन टुकड़ों की जांच की, तो सच्चाई सामने आई। पता चला कि ये सोना नहीं थे, बल्कि तांबा या पीतल जैसी साधारण धातु के टुकड़े थे।

सच्चाई जान लोग हुए निराश 

सच्चाई सामने आने के बाद कई लोगों को निराशा हुई, क्योंकि जिन्हें वे सोना समझकर बटोर रहे थे, वे असल में कीमती नहीं थे। हालांकि तब तक कई लोग काफी मात्रा में ये टुकड़े अपने घर ले जा चुके थे। इस घटना ने लोगों को एक सीख भी दी कि हर चमकती चीज सोना नहीं होती। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

Also read: केरलम को मिलने जा रहा नया CM! जानिए किसके सिर सजेगा मुख्यमंत्री का ताज