AAP vs Raghav Chadha: आम आदमी पार्टी और राघव चड्ढा में जारी घमासान अभी थमा नहीं है। लगातार दूसरे दिन राघव चड्ढा ने वीडियो जारी कर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। करीब 3 मिनट के वीडियो के जरिए राघव चड्ढा ने AAP के द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब दिया है।
राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ये मेरे उन साथियों के लिए जिन्हें यह कहने को मजबूर किया गया कि राघव चड्ढा पंजाब के मुद्दे उठाने में विफल रहे, यह एक छोटा सा ट्रेलर है...पिक्चर अभी बाकी है। राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब उनका घर, उनका कर्तव्य और उनकी रूह है।
आप ने लगाए थे आरोप
दरअसल, आम आमदी पार्टी की तरफ से आरोप लगाया गया था कि राघव चड्ढा राज्यसभा में पंजाब के किसानों और राज्यों की समस्याओं को नहीं उठाते हैं। आम आदमी पार्टी की तरफ से कहा गया था कि राघव चड्ढा ने विपक्ष द्वारा लाए गए मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्ताव पर साइन नहीं किया। साथ ही उनपर आरोप लगाया गया था कि वह विपक्ष द्वारा सदन से किए गए वॉकआउट में शामिल नहीं होते हैं। राघव चड्ढा पर निशाना साधते हुए कहा गया कि वह पिछले एक साल मोदी सरकार के खिलाफ नहीं बोल रहे हैं।
AAP-राघव चड्ढा में मचा घमासान
बता दें कि आम आदमी पार्टी और राघव चड्ढा के बीच विवाद की शरुआत 2 अप्रैल को हुई। 2 अप्रैल को आम आदमी पार्टी की तरफ से बड़ा फैसला लेते हुए राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता के पद से हटा दिया गया। हटान के अगले दिन यानी 3 अप्रैल को सौरभ भारद्वाज, अनुराग ढाडा और आतिशी मार्लेना की तरफ से राघव चड्ढा पर निशाना साधा गया। जिसके जवाब में 4 अप्रैल को राघव चड्ढा ने वीडियो जारी करते हुए आम आदमी पार्टी पर पलटवार किया।