KhabarFast

Rajasthan News: रिश्वतखोरी का खेल खत्म...33 लाख लेते PWD का XEN रंगे हाथ गिरफ्तार, 50 लाख में डील हुई थी पक्की

Nancy | 11 Apr, 2026

Rajasthan Corruption Case: राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (XEN) और एक दलाल को 33 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा है। दरअसल, यह मामला झुंझुनूं जिले के बग्गड़ इलाके में प्रस्तावित बाईपास सड़क के नक्शे बदलने से जुड़ा है, जहां एक किसान की जमीन सड़क के रास्ते में आ रही थी। जिसके बाद ACB की टीम ने जयपुर और झुंझुनूं में एक साथ छापेमारी की। 

क्या था पूरा मामला

बता दें, किसान ने ACB को 10 दिन पहले शिकायत दी थी कि बग्गड़ में स्टेट हाईवे को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाली बाईपास सड़क का अलाइनमेंट बदलवाने के नाम पर PWD के XEN राकेश कुमार और दलाल याकूब अली 75 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत की जांच के बाद ACB ने सत्यापन किया। किसान ने बताया कि उसने रिश्वत की रकम कम करने को भी कहा था, जिसके बाद सौदा 50 लाख रुपये पर तय हो गया। जिसके तहत 33 लाख रुपये पहली किस्त के रूप में तय किए गए।  

कैसे हुई गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे ACB की टीम ने जयपुर के चौमू पुलिया (सीकर रोड) पर किसान को चारा बनाकर ट्रैप लगाया। दलाल याकूब अली (जो झुंझुनूं इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी चलाते हैं और बाईपास प्रोजेक्ट के सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट में अधिकृत प्रतिनिधि हैं) ने किसान से 33 लाख रुपये नकद ले लिए। जैसे ही पैसे लिए, वैसे ही किसान ने कार का इंडिकेटर जलाकर सिग्नल दिया और ACB की टीम ने याकूब को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान दूसरी ACB टीम ने झुंझुनूं के चिड़ावा में XEN राकेश कुमार को उनके घर से हिरासत में ले लिया। 

ACB ने क्या कहा

ACB के एडिशनल एसपी संदीप सारस्वत ने बताया कि पीड़ित की जमीन बग्गड़ बाईपास के रास्ते में आ रही थी। दलाल याकूब अली ने किसान को XEN राकेश कुमार से मिलवाया था और दोनों के बीच लगातार संपर्क था। ACB अब दोनों के मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि रिश्वत की रकम कहां-कहां बंटी, इसमें और कौन-कौन शामिल हैं, इसका पता चल सके।