Raghav Chadha Resigns: राघव चड्ढा ने शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अब वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इस फैसले के साथ ही उन्होंने दावा किया कि कई अन्य सांसद भी उनके साथ बीजेपी में जा रहे हैं। राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने मूल सिद्धांतों और आदर्शों से भटक गई है, जिनके लिए पार्टी की स्थापना की गई थी। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि वह अब “पार्टी से दूर होकर जनता के करीब जा रहे हैं।
इन सांसदों ने छोड़ी पार्टी
राघव चड्ढा के अनुसार, AAP के कुल 10 राज्यसभा सांसदों में से अधिकांश इस बदलाव के पक्ष में हैं और संबंधित दस्तावेज राज्यसभा सभापति को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सामूहिक रूप से लिया गया है। राघव चड्ढा ने जिन सांसदों के नाम बताए उनमें हरभजन सिंह, अशोक कुमार मित्तल, संदीप पाठक, बलबीर सिंह सीचेवाल और विक्रमजीत सिंह साहनी शामिल हैं। इसके अलावा स्वाति मालीवाल का नाम भी इस सूची में बताया गया। इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद दिल्ली और पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर यह दावा सही साबित होता है तो यह आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका होगा। हालांकि अभी तक आम आदमी पार्टी या भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। राजनीतिक गलियारों में इस खबर को लेकर चर्चा तेज हो गई है और आने वाले दिनों में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।