Punjab News: पंजाब के जालंधर में आरटीआई एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के लॉ गेट के पास हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है जानकारी के अनुसार, सिमरनजीत सिंह अपनी कार से जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार और हथियार लॉ गेट के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुकी थी हमले की कोशिश
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में भी सिमरनजीत सिंह पर फायरिंग की कोशिश की गई थी। हालांकि उस समय वह बाल-बाल बच गए थे। उस मामले में जोगा फोल्डीवाल नाम सामने आया था।
RTI विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला
सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे किसी आरटीआई से जुड़ा विवाद कारण हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही हैं।
पुलिस जुटी जांच में
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।