KhabarFast

PSL 2026: पाकिस्तान स्टार बल्लेबाज पर बॉल टेंपरिंग का आरोप, दो मैचों के लिए हुए बैन

Parth Jha | 31 Mar, 2026

PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के बीच बड़ी खबर सामने आई है। पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज़ फखर जमान को बॉल टैंपरिंग के आरोप में दो मैचों के लिए बैन कर दिया गया है। इस फैसले से क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 31 मार्च को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि फखर जमान को टूर्नामेंट के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-3 उल्लंघन का दोषी पाया गया है। यह मामला आर्टिकल 2.14 से जुड़ा है, जो गेंद से छेड़छाड़ यानी बॉल टैंपरिंग से संबंधित है।

फखर ने किया आरोप से इनकार

यह घटना 29 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दौरान हुई थी। यह मैच लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच था। मैच के अंतिम ओवर से पहले अंपायरों ने गेंद की जांच की और लाहौर की टीम पर 5 रन की पेनल्टी लगाई, साथ ही गेंद बदलने का फैसला लिया। फखर जमान पर ये आरोप ऑन-फील्ड अंपायर शाहिद सैकत और फैसल खान आफरीदी, टीवी अंपायर आसिफ याकूब और फोर्थ अंपायर तारिक रशीद द्वारा लगाया गया। हालांकि, फखर ने आरोप से इनकार किया और मामले को चुनौती दी, जिसके बाद सुनवाई हुई।

दो मैचों बैन हुए फखर

मैच रेफरी रोशन महानामा ने सबूतों की जांच और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फखर को दोषी ठहराया। इस दौरान लाहौर के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी, टीम डायरेक्टर और मैनेजमेंट भी मौजूद थे। लेवल-3 उल्लंघन के तहत अधिकतम दो मैचों का बैन लगाया जा सकता है, और फखर को यही सजा दी गई है।

अब वह 3 अप्रैल को मुल्तान सुल्तान्स और 9 अप्रैल को इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ होने वाले मैच नहीं खेल पाएंगे। PSL के नियमों के अनुसार, फखर जमान इस फैसले के खिलाफ 48 घंटे के भीतर अपील कर सकते हैं। यह बैन लाहौर कलंदर्स के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अब देखना होगा कि टीम उनके बिना कैसा प्रदर्शन करती है और क्या फखर इस फैसले को चुनौती देते हैं।