KhabarFast

सिलेंडर महंगा होने पर सियासत हुई गर्म, राहुल गांधी ने मोदी सरकार को घेरा

Parth Jha | 01 May, 2026

Delhi News: कर्मिर्शियल सिलेंडर के दामों हुए जबरदस्त बढ़ोतरी पर राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट को साझा करते हुए लिखा कि मैंने पहले ही  कह दिया था कि चुनाव के बाद महंगाई की गर्मी आएगी। उन्होंने लिखा कि आज कमर्शियल गैस सिलेंडर ₹993 महंगा। एक ही दिन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी। यह चुनावी बिल है।

राहुल गांधी ने कहा कि फरवरी से अब तक ₹1,380 की बढ़ोतरी हो चुकी है। सिर्फ 3 महीनों में 81% का इजाफा हुआ है। चायवाला, ढाबा, होटल, बेकरी, हलवाई हर किसी की रसोई पर बोझ बढ़ा गया है और इसका असर आपकी थाली पर भी पड़ेगा। इसके साथ ही राहुल गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने लिखा कि पहला वार गैस पर, अगला वार पेट्रोल-डीज़ल पर होगा।

अखिलेश यादव ने चेताया

कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ जाने पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सिलेंडर के दाम बढ़ने से सिर्फ वह महंगा नहीं होता बल्कि खाना-पीना, रोटी, महंगाई बढ़ना शुरू हो जाती है। केवल सिलेंडर महंगा नहीं किया, अब महंगाई बढ़ना शुरू हो गई है। देखते जाइए किस-किस चीज़ की कीमत बढ़ेगी।

केंद्र पर आतिशी ने साधा निशाना

आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना ने भी एक्स पर पोस्ट करके केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि भाजपा का जनता को 'रिटर्न गिफ्ट'! कमर्शियल LPG सिलेंडर के दामों में ₹993 का भारी इजाफा। दिल्ली में अब एक सिलेंडर ₹3071.50 का मिलेगा। चुनाव के वक्त जो कीमतें थमी हुई थीं, वो अब आसमान छू रही है। यही है भाजपा का 'अच्छे दिनों' का असली चेहरा।

छोटू सिलेंडर" को भी ₹261 महंगा कर दिया है- आतिशी

आतिशी ने लिखा कि कमर्शियल सिलेंडर के बाद अब "छोटू सिलेंडर" को भी ₹261 महंगा कर दिया है। चुनाव के दौरान जो कीमतें थमी हुई थीं, वो अब अचानक आसमान छूने लगी हैं। ये महंगाई सीधे तौर पर रेहड़ी-पटरी वालों, मजदूरों और आम जनता के बजट पर प्रहार है। साफ है कि भाजपा को सिर्फ जनता के वोट से मतलब है, उनके दर्द से नहीं।