PF Withdrawal From UPI:नौकरीपेशा लोगों को जितना इंतजार सैलरी का रहता है, उतना ही इंतजार पीएफ के पैसे का भी रहता है लेकिन, अब पीएफ के पैसों के लिए बार-बार साइबर कैफे का चक्कर लगाने से छूटकारा मिलने वाला है। सरकार ने अब यूपीआई के जरिए पीएफ का पैसा निकालने की व्यवस्था कर दी है।
पीएफ खाताधारकों के लिए अच्छी बात ये है कि यूपीआई के जरिए पैसा निकालने की टेस्टिंग पूरी हो गई है। अब सरकार औपचारिक तौर पर इसका ऐलान करने वाली है। हालांकि, इसकी शुरुआत कब होगी, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
टेस्टिंग को लेकर क्या बोली सरकार
केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने जानकारी देते हुए कहा कि यूपीआई पेमेंट गेटवे के जरिए कर्मचारी भविष्य निधि यानी ईपीएफ से पैसा निकालने की टेस्टिंग का काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के जरिए पीएफ से निकाले गए पैसे सीधे खाताधारकों के बैंक अकाउंट में भेज दिए जाएंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि अगर सबकुछ सही रहता है तो एक महीने के भीतर ये सुविधा शुरू हो सकती है।
कैसे निकाल सकते हैं पीएफ
माना जा रहा है कि ईपीएफओ के आधिकारिक पोर्टल या ऐप पर पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा
फिर यहां पर आपको दो बैलेंस दिखेंगे, जिसमें एक बैलेंस होगा, जिसे आप निकाल सकेंगे और दूसरा बैलेंस होगा जिसे नहीं निकाला जा सकेगा
उसके बाद आप जितना पैसा निकालना चाहते हैं, उतना अमाउंट भरना होगा और यूपीआई को वेरिफाई करवाना होगा
वेरिफिकेशन होने के बाद आपके बैंक अकाउंट में पीएफ के पैसे ट्रांसफर हो जाएंगे
पीएफ खाते से कितने पैसे निकलेंगे
यूपीआई से पैसे निकालने वाली सुविधा आने के बाद माना जा रहा है कि एक साथ आप पीएफ के सारे पैसे नहीं निकाल सकेंगे लेकिन, कुल राशि का 75 फीसदी पैसा यूपीआई के जरिए निकाल सकेंगे। बाकी 25 फीसदी खाते में रखना होगा। हालांकि, बताया जा रहा है कि आगे लिमिट बढ़ाई जा सकती है।