Petrol Diesel Price: पाकिस्तान की सरकार ने आम लोगों को राहत देते हुए एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती की है। पिछले सप्ताह ईंधन के दाम कम करने के बाद अब सरकार ने दूसरी बार कीमतों में कमी की घोषणा की है। नई दरें 30 मई से लागू कर दी गई हैं। सरकारी घोषणा के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 22 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल (एचएसडी) की कीमत में भी 22 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है। कटौती के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल का नया भाव 380 रुपये प्रति लीटर और डीजल का भाव 381 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
पाकिस्तान के पेट्रोलियम विभाग का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण यह फैसला लिया गया है। पिछले एक सप्ताह के दौरान ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में लगभग 11 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की चर्चा से वैश्विक तेल बाजार पर असर पड़ा है।
केरोसिन की कीमतों में भी की गई कमी
हालांकि क्षेत्रीय तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है, जिसके कारण तेल बाजार पर नजर रखी जा रही है। पेट्रोल और डीजल के अलावा केरोसिन की कीमतों में भी कमी की गई है। ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार केरोसिन का भाव 313.44 रुपये से घटाकर 272 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।
आम लोगों को मिलेगा फायदा
हाल के दिनों में ईंधन सस्ता हुआ है, लेकिन इससे पहले पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी भी देखी गई थी। ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़े तनाव के दौरान सरकार ने मार्च और अप्रैल में कई बार ईंधन के दाम बढ़ाए थे। पेट्रोल का इस्तेमाल मुख्य रूप से निजी कारों, मोटरसाइकिलों और रिक्शों में होता है, इसलिए इसकी कीमतों में कमी का सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा। वहीं डीजल की कीमत घटने से माल ढुलाई और परिवहन लागत कम होने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि ईंधन की कीमतों में यह कटौती महंगाई का दबाव कम करने में मदद करेगी और आम जनता को कुछ राहत मिलेगी। अब लोगों की नजर आने वाले हफ्तों में अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार की स्थिति पर बनी हुई है।