RBI Governer Statement: क्या पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने वाले हैं। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के बाद अब भारतीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई गवर्नर ने ऐसा संकेत दिए हैं। सरकारी तेल कंपनियों पर कच्चे तेल की बढ़ती लागत इसका कारण माना जा रहा है।
गवर्नर संजय मल्होत्रा का कहना है कि अगर मिडिल ईस्ट संकट और लंबा खिंचता है, तो फिर ऐसी स्थिति में पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ सकती है। उन्होंने संकेत दिया है कि अगर मध्य पूर्व तनाव लंबे समय तक जारी रहता है तो भारतीय तेल कंपनियों को आने वाले दिनों में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी करने का कदम उठाना पड़ सकता है।
संजय मल्होत्रा ने क्या कहा
संजय मल्होत्रा ने स्विट्जरलैंड में स्विस नेशनल बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की ओर से आयोजित एक समिट में ये बात कही है। आरबीआई गवर्नर के अनुसार मौजूदा दौर में वैश्विक ऊर्जा संकट बढ़ता है और स्थिति बिगड़ती है, तो फिर सरकार तेल की कीमतों को अनिश्चितकाल के बगैर परिवर्तन किए रखने में सक्षम नहीं रह सकेगी। भारत के लिए कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें एक बड़ी चिंता का विषय इसलिए हैं क्योंकि देश अपनी जरूरतों का अधिकतर तेल आयात करता है। ऐसे में अगर तेल की कीमतें बढ़ती है, तो भारतीय करेंसी पर दवाब बढ़ता है।
मिडिल ईस्ट युद्ध से विश्व प्रभावित
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध की शुरुआत से अब तक तेल संकट से निपटने के लिए सरकार ने तमाम कदम उठाए हैं। वहीं, सरकारी ईंधन विक्रेताओं ने पेट्रोल-डीजल छोड़कर अन्य मोर्चे पर झटका दिया है। 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपए का इजाफा हुआ है। इसके अलावा 5 किलो वाले सिलेंडर और इंटरनेशनल एयरलाइनों के लिए जेट फ्यूल के दाम बढ़ाए गए हैं।