KhabarFast

दिल्ली में डिजिटल हुई ‘पल्लेदारी’, अब ऐप से बुक होंगे सामान उठाने वाले हेल्पर

Shivani Jha | 14 May, 2026

Digital Porter Service: दिल्ली के बाजारों में अब पारंपरिक ‘पल्लेदारी’ भी हाईटेक हो गई है। जिस तरह पहले मंडियों में लोग मजदूर किराए पर लेकर अपना सामान उठवाते थे, अब वही काम मोबाइल ऐप के जरिए किया जा रहा है। बदलते समय के साथ मजदूरी का यह नया डिजिटल मॉडल लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।राजधानी के लाजपत नगर मार्केट में एक नई ऑनलाइन सर्विस शुरू हुई है, जिसका नाम “CarryMen” है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए लोग शॉपिंग के दौरान सामान उठाने के लिए ऑनलाइन हेल्पर बुक कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर इस सर्विस के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग इसे आधुनिक शॉपिंग का नया तरीका बता रहे हैं।

क्या है सर्विस की खास बात? 

इस सर्विस की खास बात यह है कि अब ग्राहकों को भारी बैग उठाकर बाजार में घूमने की जरूरत नहीं होगी। ऑनलाइन बुक किया गया “कैरीमैन” ग्राहक के साथ चलता है, सामान उठाता है और जरूरत पड़ने पर बच्चों को संभालने में भी मदद करता है। शॉपिंग खत्म होने के बाद सामान को कार, कैब या मेट्रो स्टेशन तक पहुंचाने की सुविधा भी दी जाती है। 

CarryMen ने जारी किया पैकेज

कंपनी के मुताबिक यह सेवा खासतौर पर बुजुर्गों, परिवार के साथ खरीदारी करने वालों और लंबे समय तक बाजार में घूमने वाले लोगों के लिए शुरू की गई है। ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से कुछ मिनटों या घंटों के लिए हेल्पर बुक कर सकते हैं। CarryMen ने अलग-अलग समय के पैकेज भी जारी किए हैं। 30 मिनट के पैकेज की कीमत 79 रुपये रखी गई है। इसमें हेल्पर सामान उठाकर ग्राहक के साथ पार्किंग या मेट्रो गेट तक जाता है।

क्या है पैकेज की कीमत? 

एक घंटे के पैकेज की कीमत 119 रुपये है। इसमें कैरीमैन पूरे समय ग्राहक के साथ रहता है और शॉपिंग के दौरान बैग संभालता है। वहीं 2 घंटे का पैकेज 219 रुपये में उपलब्ध है। कंपनी का कहना है कि यह सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला पैकेज है, क्योंकि इसमें ग्राहक लंबे समय तक आराम से खरीदारी कर सकते हैं।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ? 

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में इस तरह की ऑन-डिमांड सर्विस बड़े शहरों में तेजी से बढ़ेंगी। फिलहाल दिल्ली में शुरू हुई यह डिजिटल पल्लेदारी लोगों के बीच नई चर्चा का विषय बनी हुई है।

Also read: ‘इस बार ऐसी कार्रवाई होगी कि इसके बाद…’ पेपर लीक पर अनिल विज ने दिया बड़ा बयान