KhabarFast

इमरान खान के लिए 14 पूर्व कप्तानों की अपील, बेहतर इलाज और सुविधाओं की रखी मांग

Parth Jha | 17 Feb, 2026

Imran Khan Health Update: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान इमरान खान को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत से बड़ी अपील सामने आई है। मंगलवार को 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर इमरान खान को जेल में बेहतर मेडिकल सुविधा और कानूनी अधिकार देने की मांग की।

इमरान खान की बिगड़ी तबीयत

ये पत्र ऐसे समय में आया है जब इमरान खान की तबीयत बिगड़ने की खबरें सामने आ रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी दाईं आंख की 85 प्रतिशत रोशनी जा चुकी है। उनके परिवार और समर्थकों का दावा है कि उन्हें जेल में मिलने की भी अनुमति नहीं दी जा रही। उनके बेटे सुलेमान ने दिसंबर 2025 में कहा था कि इमरान को एक छोटी सी कोठरी में रखा गया है, जिसे “डेथ सेल” कहा जाता है।

इन लोगों ने किए हस्ताक्षर

इस याचिका पर हस्ताक्षर करने वालों में भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और कपिल देव के अलावा ग्रेग चैपल, बेलिंडा क्लार्क, माइकल एथरटन, नासिर हुसैन, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, डेविड गॉवर, किम ह्यूज लॉयड, स्टीव वॉ, जॉन राइट जैसे दिग्गज शामिल हैं। हालांकि पाकिस्तान के किसी अन्य पूर्व कप्तान ने इस याचिका पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं।

2023 से जेल में हैं इमरान खान

इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी अगस्त 2023 से जेल में हैं। 2022 में सत्ता से हटने के बाद उन पर कई भ्रष्टाचार के मामले दर्ज हुए। दिसंबर 2025 में आए फैसले के बाद वह 31 साल की सजा काट रहे हैं।

पत्र में क्या लिखा गया

पत्र में लिखा गया है कि इमरान खान विश्व क्रिकेट के महान खिलाड़ी और पाकिस्तान के लोकतांत्रिक रूप से चुने गए पूर्व प्रधानमंत्री रहे हैं। इसलिए उन्हें सम्मानजनक व्यवहार, उचित इलाज, परिवार से मिलने की अनुमति और निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया मिलनी चाहिए। पूर्व कप्तानों ने कहा कि यह अपील खेल भावना और मानवता के आधार पर की गई है।