Norovirus Outbreak: कैरिबियन प्रिंसेस क्रूज शिप पर नोरोवायरस संक्रमण फैलने से हड़कंप मच गया है। जहाज पर सवार 3116 यात्रियों में से 102 यात्री और 13 क्रू सदस्य बीमार हो गए। यानी कुल 115 लोग इस वायरस की चपेट में आए हैं। यह क्रूज यात्रा 28 अप्रैल से शुरू हुई थी और 11 मई को खत्म होनी है। जानकारी के मुताबिक, यह यात्रा फोर्ट लॉडरडेल से शुरू होकर पोर्ट कैनावेरल तक जा रही थी। इस दौरान जहाज अरूबा, बोनेर, प्यूर्टो रिको और बहामास जैसे कई पर्यटन स्थलों पर रुका। Centers for Disease Control and Prevention यानी CDC के अनुसार संक्रमित लोगों में उल्टी और दस्त जैसे लक्षण पाए गए हैं।
पेट को प्रभावित करता है ये वायरस?
नोरोवायरस एक बेहद संक्रामक वायरस है, जो पेट और आंतों को प्रभावित करता है। यह वायरस तेजी से फैलता है और खासकर बंद तथा भीड़भाड़ वाली जगहों में संक्रमण का खतरा ज्यादा होता है। क्रूज शिप में हजारों लोग लंबे समय तक एक साथ रहते हैं और एक जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए यहां वायरस तेजी से फैल सकता है।
कैसे फैलती है ये बीमारी?
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक यह वायरस संक्रमित व्यक्ति के हाथ, खाने-पीने की चीजों, पानी और छुई गई सतहों के जरिए फैलता है। क्रूज शिप पर होने वाली पेट संबंधी बीमारियों में नोरोवायरस सबसे आम कारण माना जाता है। बताया जा रहा है कि संक्रमण पूरे सफर के दौरान धीरे-धीरे फैला। जब बीमार लोगों की संख्या कुल यात्रियों के 3 प्रतिशत से ज्यादा हो गई, तब CDC ने सार्वजनिक सूचना जारी की। अब स्वास्थ्य अधिकारी जहाज की गहन जांच कर रहे हैं।
क्या है इस वायरस के लक्षण?
क्रूज कंपनी ने पूरे जहाज में अतिरिक्त सफाई और सैनिटाइजेशन शुरू कर दिया है। बीमार यात्रियों और क्रू सदस्यों को अलग रखा गया है। उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। कंपनी ने कहा है कि CDC के साथ मिलकर हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। नोरोवायरस के लक्षणों में अचानक उल्टी, दस्त, पेट दर्द, जी मिचलाना और कमजोरी शामिल हैं। ज्यादातर लोग 1 से 3 दिन में ठीक हो जाते हैं। हालांकि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर स्वास्थ्य वाले लोगों में डिहाइड्रेशन का खतरा ज्यादा रहता है। फिलहाल इस प्रकोप में अधिकतर मामलों को हल्का बताया गया है।