Bihar Politics: बिहार की राजनीति में मंगलवार, 14 अप्रैल, 2026 को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इस फैसले के साथ पिछले कई दिनों से चल रही राजनीतिक अटकलों पर भी विराम लग गया है।नीतीश कुमार ने बिहार के राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा। उनके साथ इस दौरान विजय कुमार चौधरी और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे। इस्तीफा देने के बाद वे सीधे एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास के लिए रवाना हो गए।
इस्तीफे से पहले की बैठक
इस्तीफे से पहले मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की आखिरी बैठक की, जिसमें पूरी मंत्रिपरिषद को भंग करने की सिफारिश की गई। बैठक के बाद सभी मंत्रियों के साथ ग्रुप फोटो लिया गया और फिर राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी तस्वीर खिंचवाई गई। इसके बाद नीतीश कुमार सचिवालय से बाहर निकले और पोर्टिको में मौजूद लोगों का अभिवादन किया।
कौन होगा अगला मुख्यमंत्री?
जानकारी के अनुसार, अब बिहार की कमान नए मुख्यमंत्री के हाथों में जाने की संभावना है और इसमें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की भूमिका अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि अगला मुख्यमंत्री बीजेपी कोटे से होगा। बीजेपी की ओर से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक के तौर पर पटना भेजा गया है। उनके साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद हैं, जिनमें बीएल संतोष और विनोद तावड़े शामिल हैं। विधायक दल की बैठक में नए नेता का चुनाव किया जाएगा, जिसके बाद नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा होगी।
सबसे आगे है इनका नाम
जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे आगे चल रहा है, हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी की बैठक के बाद ही लिया जाएगा। इधर, इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार के भविष्य को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि वे आज रात मुख्यमंत्री आवास छोड़ सकते हैं और 7 सर्कुलर रोड स्थित नए आवास में शिफ्ट हो सकते हैं। उनका सामान पहले ही वहां भेजा जा चुका है। नीतीश कुमार लंबे समय से बिहार के मुख्यमंत्री पद पर कार्यरत थे और उनका यह इस्तीफा राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें नई सरकार के गठन और अगले मुख्यमंत्री के नाम पर टिकी हुई हैं।