NEET UG 2026 Re-Exam: NEET परीक्षा लीक होने के बाद पूरे देश में गुस्से का माहौल है। इसको लेकर आज केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दोषियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में दोषियों को पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे। बता दें कि प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले नीट परीक्षा के तारीखों का ऐलान कर दिया गया था। NTA के मुताबिक, 21 जून को छात्र दोबार अपनी किस्मत आजमाएंगे।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अभी NTA ने NEET-UG की नई परीक्षा की तिथि की घोषणा की है। 21 जून को पुनर्परीक्षा की तारीख की घोषणा की है। छात्रों का भविष्य, उनके परिश्रम के प्रति संवेदनशीलता हमारी प्राथमिकता है। 3 मई को परीक्षा हुई थी और 7 मई को NTA के पास कहीं से आपत्ति आई कि गेस पेपर में ऐसे कुछ प्रश्न आए हैं, जो इस बार के पेपर में थे। NTA और सरकार ने तुरंत उसकी जांच की। राज्यों की एजेसियों से संपर्क किया गया। जब हमें स्पष्टता हुई कि इस बार पेपर लीक हुआ है, हम नहीं चाहते थे कि शिक्षा माफियाओं के षड्यंत्र के कारण किसी भी सही छात्र के अधिकार वंचित हो जाएं। इसलिए हमने 12 मई को परीक्षा को रद्द कर दिया। हमने आज परीक्षा की नई तिथि की घोषणा की।
यह छात्रों के पक्ष में निर्णय लिया गया है- शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह परीक्षा माफियाओं और असामाजिक तत्त्वों के खिलाफ लंबी लड़ाई है। तकनीक के समय में एक चुनौती बन रही है। विभिन्न प्रकार के सोशल मीडिया हैंडल से भ्रमात्मक तथ्यों को रखा जाता है, गुमराह करने की कोशिश की जाती है। सरकार ने CBI को(जांच के लिए) काम सौंपा है। CBI ने त्वरित कार्रवाई शुरु की है और इस बार CBI तह तक जाएगी। सभी विभागों ने इसे गंभीरता से लिया है। हम इस बार गड़बड़ी नहीं होने देंगे। यह छात्रों के पक्ष में निर्णय लिया गया है।
15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा- धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस दौरान बताया कि नीट यूजी 2026 के री-एग्जाम के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे। इसके अलावा छात्रों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।