IMD Weather Update: दिल्ली में अगले कुछ दिनों में तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जबकि पश्चिम बंगाल में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी बढ़ रही है, वहीं पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अस्थिर मौसम बना हुआ है।
दिल्ली-NCR का मौसम
दिल्ली में वर्तमान में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। IMD के अनुसार, 18 से 24 अप्रैल के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-5 डिग्री की वृद्धि होने की उम्मीद है। कुछ इलाकों में यह 40 डिग्री के करीब या उससे ऊपर पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 20-25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि हल्की हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ रहा है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में दिन का तापमान 40 डिग्री के करीब रह सकता है। बिहार में भी गर्म और उमस भरा मौसम बना हुआ है, जहां पटना जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक जा सकता है। तो वहीं, हरियाणा में तापमान में वृद्धि के साथ कुछ जगहों पर हल्की अस्थिरता बनी हुई है। IMD के अनुसार, 24 घंटों में कई जगहों पर अधिकतम तापमान 40-44 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
पश्चिम बंगाल में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18-21 अप्रैल के दौरान सब-हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। IMD ने कुछ जगहों पर ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
देश के अन्य हिस्सों का मौसम
दूसरी तरफ, मध्य और पूर्वी भारत के विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज और 30-40 किमी/घंटा की हवाएं चलने की संभावना है। कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के पंजाब और हरियाणा में तापमान बढ़ने के साथ शुष्क मौसम रहेगा। दक्षिण भारत में सामान्य रूप से गर्म और आर्द्र मौसम, कुछ जगहों पर हल्की बारिश संभव है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
IMD ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित कर रहा है, जिसके कारण पूर्वी हिस्सों में नमी बढ़ी हुई है। किसानों और आम लोगों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम संबंधी अपडेट नियमित रूप से चेक करें, खासकर फसलें प्रभावित होने की स्थिति में। गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पिएं और दोपहर के समय धूप से बचें।