KhabarFast

कमाई 6 हजार और टैक्स 2 करोड़, नोटिस मिलने से खड़ा हुआ सवाल; युवक बोला- मैं गरीब आदमी...

Parth Jha | 21 Feb, 2026

 UP News:उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 6-7 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी करने वाले एक युवक को जीएसटी विभाग की ओर से लगभग 2 करोड़ रुपये का टैक्स जमा करने का नोटिस मिला है। यह नोटिस 10 फरवरी को डाक के माध्यम से उसके घर पहुंचा, जिसे देखकर युवक के होश उड़ गए। पीड़ित युवक का नाम ओम प्रकाश वर्मा बताया जा रहा है, जो डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के निवासी है और एक स्कूल में शिक्षक के रूप में काम करता है।

GST से मिला 2 करोड़ का नोटिस

पीड़ित युवक ओम प्रकाश ने मीडिया से बातचीत में कहा 'मैं एक गरीब आदमी हूं। छह-सात हजार रुपये की नौकरी करता हूं, जिसमें मुश्किल से परिवार का गुजारा चलता है। इतने बड़े अमाउंट का टैक्स कैसे भरूं? मुझे लगता है कि मेरे पैन कार्ड का दुरुपयोग करके मुझे फंसाया जा रहा है।' उन्होंने बताया कि उनके पास न तो कोई बड़ा बिजनेस है और न ही इतनी कमाई, फिर भी जीएसटी विभाग ने उनके नाम पर करोड़ों के लेन-देन का दावा करते हुए नोटिस जारी किया है।

यह मामला पैन कार्ड फ्रॉड या जीएसटी स्कैम से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जहां फर्जीवाड़ा करके निर्दोष लोगों के नाम पर बड़े टैक्स नोटिस भेजे जा रहे हैं। युवक ने अधिकारियों के चक्कर काटने शुरू कर दिए हैं और विभाग से नोटिस रद्द करने की मांग की है। स्थानीय लोगों और परिवार वालों का कहना है कि ओम प्रकाश बहुत साधारण जीवन जीते हैं और उनके पास इतनी संपत्ति या आय का कोई स्रोत नहीं है।